
जमशेदपुर: जमशेदपुर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। शनिवार की शाम गोलमुरी बाजार में रंगदारी को लेकर बदमाशों ने हवाई फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और दुकानदारों के साथ खरीदारी करने आए लोग भी सहम गए। राहत की बात यह रही कि फायरिंग में कोई घायल नहीं हुआ। अपराधियों ने गोलमुरी बाजार में दुकान चलाने वाले मोथु राम को निशाना बनाया। पीड़ित का आरोप है कि उनसे पहले ही एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। रुपये नहीं देने पर उन्हें और उनके भाई को जान से मारने की धमकी दी गई थी। शनिवार शाम बदमाशों ने उनकी दुकान के बाहर हवाई फायरिंग कर धमकी को अंजाम दिया, जिससे पूरे बाजार में भय का माहौल बन गया। मोथु राम ने आरोप लगाया कि बाजार के पास स्थित खालसा बस्ती निवासी करण नामक युवक अपने साथियों के साथ रंगदारी की मांग कर रहा है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम भी करण ने फोन कर एक लाख रुपये की मांग की थी। फोन पर रंगदारी नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई थी। इसके अगले ही दिन बदमाशों ने उनकी दुकान के बाहर फायरिंग कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बाजार के दुकानदारों व प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से कोई खोखा बरामद होने की पुष्टि नहीं हुई है। गोलमुरी पुलिस का कहना है हवाई फायरिंग हुई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पीड़ित के आरोपों के आधार पर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
