
जमशेदपुर: साकची टिन शेड स्थित फल मंडी में फल की कीमत को लेकर कर्मचारियों के साथ मारपीट और गुंडागर्दी करने वाले युवक को पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर उसे सबक सिखाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद साकची पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया और उसे मंडी लेकर पहुंची, जहां दुकानदारों के बीच उसकी परेड कराई गई। इस दौरान आरोपी दोनों हाथ जोड़कर माफी मांगता नजर आया और दोबारा ऐसी हरकत नहीं करने का भरोसा दिया। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह फल व्यवसायी राकेश केशरी की दुकान पर धातकीडीह निवासी मो. फहीम फलों का दाम पूछने पहुंचा था। कुछ देर बाद वह दोबारा लौटा और कीमत को लेकर विवाद करने लगा। आरोप है कि बहस बढ़ने पर उसने दुकान में रखे फल सड़क पर फेंक दिए और विरोध करने पर कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
दुकानदार की शिकायत के मुताबिक, कर्मचारी असद हुसैन के साथ आरोपी ने बेरहमी से मारपीट की और उसका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। बीच-बचाव करने पहुंचे दूसरे कर्मचारी माधव चातर को भी आरोपी ने नहीं बख्शा और उसके साथ भी लात-घूंसों से मारपीट की। घटना के बाद मंडी में अफरा-तफरी मच गई। घायल असद हुसैन को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। बताया गया कि उसे गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं। घटना की शिकायत मिलते ही साकची थाना पुलिस सक्रिय हुई और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी मो. फहीम को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस उसे फल मंडी लेकर पहुंची, जहां उसकी परेड कराई गई। पुलिस की इस कार्रवाई को देखकर मंडी के दुकानदारों ने राहत जताई और कानून व्यवस्था को लेकर भरोसा व्यक्त किया।
