
चाइबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के जयपुर गांव में बड़े भाई की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक फायर बुलेट का पिलेट और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। शनिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में सदर एसडीपीओ बहामन टुटी ने बताया कि 13 जुलाई को जयपुर गांव निवासी शंकर लागुरी को गोली मार दी गई थी। गंभीर रूप से घायल शंकर को पहले कुमारडुंगी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, फिर चाईबासा सदर अस्पताल ले जाया गया। बेहतर इलाज के लिए उन्हें रिम्स, रांची रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी के लिखित आवेदन पर हाटगम्हरिया थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक अमित रेणु के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने पहले विजय लागुरी (30) और बाद में महेंद्र लागुरी (20) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे दो प्रमुख कारण सामने आए हैं। पहला, महेंद्र लागुरी के दूसरी जाति में प्रेम विवाह करने को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। दूसरा, हाल ही में सड़क किनारे स्थित जमीन बेचने से मिले करीब 18 लाख रुपये के बंटवारे को लेकर परिवार के सदस्यों के बीच तनाव बढ़ गया था। इसी विवाद ने अंततः खूनी रूप ले लिया और आरोपियों ने मिलकर शंकर लागुरी की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है। इस कार्रवाई में एसडीपीओ जगन्नाथपुर रफाएल मुर्मू, हाटगम्हरिया थाना प्रभारी उत्तम तिवारी सहित थाना के कई पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल शामिल थे।
