
जमशेदपुर: जमशेदपुर के व्यस्ततम व्यावसायिक क्षेत्रों में शामिल बिष्टुपुर बाजार में शनिवार देर रात चोरों ने दो दुकानों को निशाना बनाते हुए करीब 1.90 लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली। एक ही रात में दो दुकानों में हुई चोरी की घटना से व्यापारियों में दहशत और नाराजगी दोनों है। दुकानदारों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाते हुए पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।चोर सबसे पहले बाजार स्थित श्याम जनरल स्टोर में घुसे। बदमाशों ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और गल्ले में रखे करीब एक लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। इसके बाद उन्होंने पास की एक फल दुकान को भी निशाना बनाया। फल विक्रेता अब्दुल कलाम की दुकान में रखी पेटी से करीब 90 हजार रुपये नकद चोरी कर ली गई।
रविवार सुबह जब दोनों दुकानदार अपनी-अपनी दुकान खोलने पहुंचे तो ताले टूटे देख उनके होश उड़ गए। दुकान के भीतर सामान बिखरा पड़ा था और नकदी गायब थी। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के दुकानदार मौके पर जुट गए और तत्काल बिष्टुपुर थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरी में शामिल आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से बाजार के व्यवसायियों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और नियमित पुलिस पेट्रोलिंग की मांग की है।
