
जमशेदपुर: सीतारामडेरा थाना पुलिस ने 15 जुलाई को जमशेदपुर कोर्ट परिसर के समीप हुए युवक के अपहरण मामले का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अपहरण में इस्तेमाल की गई थार गाड़ी और एक सैमसंग मोबाइल फोन भी बरामद किया है। मामले के अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई को सुशील डे नामक युवक के अपहरण की सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद मिश्रा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसी दिन अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया और मामले की जांच शुरू की। जांच के क्रम में 18 जुलाई को पुलिस ने मामले के दो नामजद आरोपियों मोनी मोहंती उर्फ चितरंजन मोहंती और कृष्णा यादव उर्फ दबंग को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त थार वाहन और एक सैमसंग मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी मोनी मोहंती का आपराधिक इतिहास लंबा रहा है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, रंगदारी, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट, छेड़छाड़ और पोक्सो सहित एक दर्जन से अधिक मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस अपहरण कांड से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। इस पूरे ऑपरेशन को सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद मिश्रा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने अंजाम दिया। शनिवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने पूरे मामले का खुलासा किया।
