
जमशेदपुर: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 अभियान के तहत मतदाता गणना प्रपत्रों के संग्रह और डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने के उद्देश्य से शनिवार को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए गए। इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने 47-जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र, जबकि झारखंड के अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार ने 49-जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उपायुक्त ने जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के उन मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया, जहां गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी पाई गई थी। उन्होंने बूथ संख्या 232, 233, 244, 247 और 248 समेत अन्य मतदान केंद्रों का दौरा कर विशेष शिविर की व्यवस्थाओं, बीएलओ (BLO) द्वारा किए जा रहे कार्य, गणना प्रपत्रों के संग्रह और डिजिटाइजेशन की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित बीएलओ और पर्यवेक्षकों को शत-प्रतिशत गणना प्रपत्र प्राप्त करने तथा डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
वहीं, अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार ने जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 166, 167, 170, 171, 172, 173, 174, 175, 176, 177, 178, 179, 180, 267, 272 और 279 सहित कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने विशेष शिविरों में मतदाताओं के लिए की गई व्यवस्थाओं, बीएलओ द्वारा दिए जा रहे सहयोग और गणना प्रपत्रों के संकलन एवं डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने मतदाताओं से संवाद भी किया। उन्होंने कहा कि यदि किसी मतदाता को गणना प्रपत्र भरने में किसी प्रकार की कठिनाई हो तो वह 18 और 20 जुलाई को आयोजित विशेष शिविर में उपस्थित बीएलओ से संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बीएलओ प्रत्येक मतदाता को प्रपत्र भरने में हरसंभव सहयोग प्रदान करेंगे। उपायुक्त ने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे निर्धारित समय के भीतर अपना गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ के पास जमा करें, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत निर्वाचक नामावली का कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।
