
रांची : मतदाता सूची में सुधार की प्रक्रिया पर झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गए। विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर की चर्चा में दस्तावेजों की परेशानी, पात्र मतदाताओं के नाम कटने की आशंका और कथित फर्जी मतदाताओं का मुद्दा छाया रहा। सदस्यों ने अपनी दलीलों के साथ एक-दूसरे पर राजनीतिक आरोप भी लगाए। बहस के बाद सदन की कार्यवाही गुरुवार सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दी गई।
दस्तावेज नहीं होने पर कैसे बचेगा मतदान का अधिकार?
संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि सरकार एसआईआर का विरोध नहीं कर रही है। उसकी चिंता प्रक्रिया में मौजूद कठिनाइयों को लेकर है। उन्होंने समय-सीमा बढ़ाने और नियम आसान करने की मांग रखी, ताकि कोई योग्य नागरिक मतदाता सूची से बाहर न रह जाए।किशोर ने आदिवासी और पहाड़ी समुदायों की परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि कई लोगों के पास बुनियादी दस्तावेज तक उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में जन्म प्रमाणपत्र जैसी मांग उनके लिए परेशानी बढ़ा सकती है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने का प्रस्ताव भी रखा और ग्रामीण इलाकों की वास्तविक स्थिति समझने पर जोर दिया।
भाजपा ने उठाया 57 हजार मतदाताओं का सवाल
भाजपा विधायक नवीन जायसवाल ने सत्ता पक्ष पर पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि विशेष सत्र को दिल्ली के रामलीला मैदान में चल रहे राजनीतिक अभियान से जोड़ दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण का काम राज्यों का निर्वाचन तंत्र और संबंधित अधिकारी संभाल रहे हैं। जायसवाल ने संथाल परगना के लगभग 57 हजार मतदाताओं का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि बाहर से आए कुछ लोगों के नाम जोड़ने की कोशिश हो रही है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने चुनावी हार, वोट चोरी के आरोपों और ईवीएम पर उठाए जाने वाले सवालों को भी बहस में शामिल किया।
पात्र मतदाताओं की सुरक्षा पर जोर, बयानों पर नोकझोंक
कांग्रेस विधायक राजेश कच्छप ने चुनाव आयोग से आग्रह किया कि जांच के दौरान किसी भी पात्र मतदाता का नाम नहीं कटना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के माध्यम से राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश हो रही है। चंपाई सोरेन ने आदिवासी जमीन, फर्जी मतदाताओं और घुसपैठियों से जुड़े मुद्दों पर सख्त रुख अपनाने की बात कही। मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने उनके बयानों पर सवाल उठाए। इससे सदन में दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस हुई।
केवल बहस नहीं, मतदाताओं की परेशानी भी हो दूर
सरयू राय ने चर्चा के व्यावहारिक परिणाम पर ध्यान देने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि मतदाताओं की वास्तविक कठिनाइयां दूर करने के उपाय होने चाहिए। डुमरी विधायक जयराम महतो ने नामों की छोटी गलतियां सुधारने के लिए चुनाव आयोग के विशेष शिविर लगाने की मांग की। वहीं, राजद विधायक सुरेश पासवान ने केंद्र और भाजपा पर चुनावी गड़बड़ी के आरोप लगाए। पूरी चर्चा में मतदाता सूची की शुद्धता के साथ योग्य नागरिकों के अधिकार सुरक्षित रखने का सवाल प्रमुख बना रहा।












