

जमशेदपुर : जमशेदपुर में एक शातिर युवक ने बेहद चालाकी से ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। घटना उलीडीह ओपी क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर-1 स्थित हरि मंदिर के पास विश्वनाथ ज्वेलर्स की है, जहां मंगलवार सुबह करीब 11 बजे यह वारदात हुई।
जानकारी के अनुसार, युवक ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचा और दुकानदार विश्वनाथ दत्ता के बेटे अभिजीत से आभूषण दिखाने को कहा। काफी देर तक गहने देखने के बाद उसने एक आभूषण पसंद किया और ₹1000 एडवांस देकर शाम में लेने की बात कहकर चला गया।
लेकिन कुछ ही देर बाद अभिजीत को शक हुआ। जब उसने सामान की जांच की, तो एक डिब्बे में रखा कीमती आभूषण गायब मिला। इसके बाद दुकान में लगे CCTV फुटेज खंगाले गए, जिसमें साफ दिखा कि युवक चालाकी से गहना लेकर फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि चोरी हुए आभूषणों की कीमत करीब 23 से 24 लाख रुपए है। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी युवक एक दिन पहले भी दुकान पर आया था और ₹5700 के गहने खरीदकर दुकानदार का भरोसा जीत चुका था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुट गई है।
