
जमशेदपुर: सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के तत्वावधान में महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से चैंबर भवन, बिष्टुपुर में आयोजित तीन दिवसीय मानसून ट्रेड फेयर 2026 का उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। मेले में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिला उद्यमियों ने अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया, जिसे शहरवासियों का अच्छा प्रतिसाद मिला।
समापन समारोह के दौरान मेले में शामिल सभी प्रतिभागियों को सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा सभी प्रतिभागियों के बीच लकी ड्रॉ का आयोजन किया गया। लकी ड्रॉ में शिवांगी अग्रवाल का चयन हुआ, जिन्हें कमल फार्मा की ओर से पुरस्कार प्रदान किया गया।
लकी ड्रॉ के माध्यम से पांच अन्य प्रतिभागियों का भी चयन किया गया। इन्हें श्याम डिजिटल के सौजन्य से एक वर्ष तक निशुल्क वेबसाइट की सुविधा दी जाएगी। चैंबर की इस पहल का उद्देश्य महिला उद्यमियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराकर उनके कारोबार की पहुंच बढ़ाने में मदद करना है।
महिला उद्यमिता को बढ़ावा देना उद्देश्य
चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि मानसून ट्रेड फेयर का उद्देश्य महिलाओं को अपने हुनर और उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों और ग्राहकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी से आयोजन अपने उद्देश्य में सफल रहा।
चैंबर के उपाध्यक्ष ट्रेड एंड कॉमर्स अनिल मोदी ने कहा कि महिला उद्यमिता को बढ़ावा देना वर्तमान समय की आवश्यकता है। ट्रेड फेयर के माध्यम से महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों की ब्रांडिंग, मार्केटिंग और बिक्री का प्रत्यक्ष अवसर मिला। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को और व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा।
महासचिव पुनीत कांवटिया ने कहा कि चैंबर स्थानीय उद्यमियों को बाजार उपलब्ध कराने और उन्हें प्रोत्साहित करने की दिशा में लगातार काम कर रहा है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने वाले सभी प्रतिभागियों, सहयोगियों और आगंतुकों के प्रति आभार जताया।
सचिव भरत मकानी ने कहा कि मेले में विभिन्न श्रेणियों के उत्पादों की विविधता देखने को मिली। लोगों ने खरीदारी कर महिला उद्यमियों का उत्साह बढ़ाया। वहीं, कोऑर्डिनेटर सुमन नागेलिया ने आयोजन की सफलता के लिए प्रतिभागियों, चैंबर पदाधिकारियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
समापन समारोह में चैंबर के पदाधिकारी, सदस्य, प्रतिभागी और बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे। सभी ने मानसून ट्रेड फेयर को महिला उद्यमियों के लिए उपयोगी मंच बताया।
आयोजन को सफल बनाने में उपाध्यक्ष राजीव अग्रवाल, हर्ष बाकरेवाल, अभिषेक अग्रवाल, सचिव भरत मकानी, अंशुल रिंगसिया, सुरेश शर्मा, विनोद शर्मा, कोषाध्यक्ष अनिल रिंगसिया और समन्वयक सुमन नागेलिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अलावा मनोज गोयल, प्रतीक अग्रवाल सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय सहयोग किया।

