
जमशेदपुर : 24 सितंबर 2026 टेल्को कॉलोनी स्थित हिलटॉप स्कूल में स्वदेशी जागरण मंच की ओर से “स्वावलंबी भारत अभियान” के तहत उद्यमिता प्रोत्साहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मनिर्भरता, नवाचार और उद्यमिता की भावना विकसित करना था। वक्ताओं ने बच्चों को पढ़ाई के साथ अपने कौशल को पहचानने और भविष्य में रोजगार सृजित करने वाला बनने के लिए प्रेरित किया।
राष्ट्र निर्माण में युवाओं की अहम भूमिका
कार्यक्रम में स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय पर्यावरण सह प्रमुख बंदे शंकर तथा राष्ट्रीय परिषद सदस्य मनोज सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बंदे शंकर ने कहा कि भारत को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। विद्यार्थियों में नई सोच, ऊर्जा और तकनीक को समझने की क्षमता है। यदि उन्हें सही मार्गदर्शन और अवसर मिले, तो वे देश के विकास को नई दिशा दे सकते हैं। उन्होंने बच्चों से केवल नौकरी प्राप्त करने तक अपनी सोच सीमित नहीं रखने, बल्कि ऐसे विचार विकसित करने का आह्वान किया जिनसे समाज के दूसरे लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर तैयार हों।
प्रतिभा और कौशल को बनाएं अपनी ताकत
मनोज सिंह ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा, कौशल और रचनात्मक सोच का बेहतर उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बदलते समय में शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि समस्याओं का समाधान तलाशना और नए अवसर पैदा करना भी होना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों की उम्र में ही उद्यमिता के क्षेत्र में पहचान बनाने वाले बच्चों के कई प्रेरक उदाहरण साझा किए। इन उदाहरणों को विद्यार्थियों ने एकाग्रता से सुना और कार्यक्रम के दौरान अपने विचार भी व्यक्त किए। वक्ताओं ने बच्चों को “लर्निंग विद अर्निंग” का संदेश देते हुए पढ़ाई के साथ व्यावहारिक अनुभव एवं हुनर विकसित करने पर जोर दिया।
रोजगारयुक्त और गरीबीमुक्त भारत का लक्ष्य
कार्यक्रम में बताया गया कि स्वावलंबी भारत अभियान का मूल उद्देश्य देश को रोजगारयुक्त एवं गरीबीमुक्त बनाना है। इसके लिए युवाओं में स्थानीय उत्पादों, स्वदेशी विचारों, स्वरोजगार और उद्यमिता के प्रति जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है। विद्यार्थियों को समझाया गया कि छोटे स्तर पर शुरू किया गया एक नया विचार भविष्य में बड़े उद्यम का रूप ले सकता है। कार्यक्रम का संचालन स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत युवा प्रमुख पंकज कुमार सिंह ने किया।
शिक्षकों और संगठन के सदस्यों की रही भागीदारी
इस अवसर पर हिलटॉप स्कूल की प्रिंसिपल उमा तिवारी, शिक्षिका जसविंदर कौर, प्रांत प्रचार-प्रसार प्रमुख अमित कुमार मिश्रा, नगर संयोजक राजपती देवी, जिला महिला प्रमुख सरोज श्रीवास्तव, जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख संगीता श्रीवास्तव, विचार विभाग सह प्रमुख किरनजीत कौर, मुकेश ठाकुर और मनोज सखूजा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।










