
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के दूरदराज ग्रामीण क्षेत्रों तक बैंकिंग और ऋण सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला परामर्शदात्री समिति (DCC) और जिला स्तरीय समीक्षा समिति (DLRC) की बैठक हुई। इसमें बैंकों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति, ऋण वितरण तथा आने वाले समय की कार्ययोजना की विस्तार से समीक्षा की गई।
गुरुजी क्रेडिट कार्ड के लंबित मामलों पर जोर
बैठक में गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना के तहत प्राप्त आवेदनों की स्थिति पर चर्चा हुई। उपायुक्त ने संबंधित बैंकों को सभी लंबित आवेदनों का जल्द निष्पादन करने का निर्देश दिया। अधिकारियों से कहा गया कि पात्र विद्यार्थियों और लाभुकों को योजना का लाभ दिलाने में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। आधार सीडिंग से जुड़े लंबित कार्यों को पूरा करने के लिए विशेष शिविर लगाने का निर्देश भी दिया गया। इसके साथ ही NPCI द्वारा विकसित BASE सुविधा के बारे में लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया गया, ताकि लाभुक स्वयं आधार सीडिंग की प्रक्रिया पूरी कर सकें।
प्रशिक्षण के बाद मुद्रा ऋण से जोड़ने की पहल
ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI) की उपलब्धियों और गतिविधियों की समीक्षा करते हुए उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान ने प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके तथा प्रतीक्षारत लाभुकों को मुद्रा ऋण से जोड़ने का निर्देश दिया। उन्होंने स्टैंड-अप इंडिया योजना और स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों तक भी ऋण सुविधा पहुंचाने पर विशेष ध्यान देने को कहा।
कृषि और पशुपालन क्षेत्र में बढ़ेगा ऋण वितरण
जिले के जमा-साख अनुपात में सुधार के लिए कृषि क्षेत्र में ऋण वितरण बढ़ाने की आवश्यकता बताई गई। विशेष रूप से किसान क्रेडिट कार्ड और पशुपालन से जुड़े पात्र लोगों को प्राथमिकता के आधार पर ऋण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। बैठक में वार्षिक ऋण योजना, प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में ऋण वितरण, एसीपी के तहत बकाया तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, PMFME, PMEGP और डिजिटल वित्तीय जागरूकता से संबंधित गतिविधियों की जानकारी ली गई।
दूरस्थ इलाकों में नई बैंक शाखाओं की संभावना
गुड़ाबांदा सहित जिले के अन्य सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाएं बढ़ाने के लिए नई शाखाएं खोलने की संभावनाओं पर विचार किया गया। उपायुक्त ने बैंक प्रतिनिधियों और विभागीय पदाधिकारियों को योजनाओं के लक्ष्य की नियमित समीक्षा करने तथा पात्र लाभुकों तक सुविधाएं पहुंचाने का निर्देश दिया। बैठक में भारतीय रिजर्व बैंक के प्रबंधक शोहम शोम, नाबार्ड की डीडीएम जस्मिका बास्के, अग्रणी जिला प्रबंधक संजीव कुमार चौधरी सहित विभिन्न विभागों और बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।










