
- मृतक कर्मचारी सुबोध पात्रो के आश्रित को एक साल की ट्रेनिंग के बाद स्थायी नौकरी, शेष सेवाकाल तक हर महीने मिलेंगे 33 हजार रुपये; समझौते के बाद समाप्त हुआ आंदोलन
जमशेदपुर : टाटा मोटर्स में कर्मचारी सुबोध पात्रो की मौत के बाद शुरू हुआ आंदोलन आखिरकार पांचवें दिन समाप्त हो गया। परिवार की मांगों पर कंपनी प्रबंधन ने सहमति जताते हुए 77 लाख रुपये मुआवजा देने, एक आश्रित को स्थायी नौकरी देने और नौकरी की शेष अवधि तक हर महीने 33 हजार रुपये भुगतान करने का फैसला लिया है। बुधवार को प्रबंधन की ओर से परिजनों को सहमति पत्र सौंपा गया। इसके बाद आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की गई।
इस समझौते के साथ ही पिछले पांच दिनों से चल रहा गतिरोध खत्म हो गया। आंदोलन के दौरान टाटा मोटर्स के मुख्य गेट, कैंटीन गेट, मटेरियल गेट और साउथ गेट समेत विभिन्न प्रवेश द्वारों पर प्रदर्शन किया गया। प्लांट के अंदर जाने वाली गाड़ियां बाहर सड़क पर खड़ी रहीं। कर्मचारियों के प्रवेश को लेकर भी पूरे दिन असमंजस की स्थिति बनी रही।
एक साल की ट्रेनिंग के बाद मिलेगी स्थायी नौकरी
समझौते के अनुसार मृतक के एक आश्रित को एक वर्ष की ट्रेनिंग पूरी करने के बाद स्थायी नौकरी दी जाएगी। इसके अलावा सुबोध पात्रो की नौकरी की शेष अवधि तक परिवार को हर महीने 33 हजार रुपये मिलेंगे। प्रबंधन ने परिजनों को समझौते से संबंधित स्वीकृति पत्र भी सौंप दिया है। परिवार की प्रमुख मांग मुआवजा और आश्रित को रोजगार देने की थी।
छह महीने तक आईसीयू में चला इलाज, फिर हुई मौत
जानकारी के अनुसार, 59 वर्षीय सुबोध पात्रो टाटा मोटर्स के इंजन डिवीजन में कार्यरत थे। परिजनों का आरोप है कि 16 मार्च 2026 को ड्यूटी के दौरान तेल पर फिसलने से उनके सिर और कंधे में गंभीर चोट लगी थी। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ती चली गई। करीब छह महीने तक आईसीयू में उनका इलाज चला। शनिवार रात करीब 10 बजे उनकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप था कि कंपनी ने दुर्घटना को इंजरी ऑन ड्यूटी (आईओडी) के रूप में दर्ज नहीं किया। इसी मुद्दे को लेकर परिवार ने मुआवजा और बेटे को नौकरी देने की मांग उठाई थी। आंदोलनकारियों ने मांग पूरी होने तक अंतिम संस्कार नहीं करने का भी निर्णय लिया था।
सोमवार से शुरू हुई बातचीत, बुधवार को बनी सहमति
सुबोध पात्रो की मौत के बाद रविवार को परिजनों ने मजदूर नेता बंटी सिंह और झामुमो नेताओं के समर्थन से कंपनी के बाहर धरना शुरू किया। सोमवार को प्रबंधन के साथ बातचीत हुई, लेकिन मांगों पर सहमति नहीं बनी। मंगलवार को झामुमो का समर्थन मिलने के बाद आंदोलन तेज हो गया। झामुमो जिलाध्यक्ष विक्टर सोरेन भी धरनास्थल पहुंचे और प्रबंधन को वार्ता के लिए बुलाया गया।
बुधवार को विधायक मंगल कालिंदी, पूर्व सांसद सुमन महतो, झामुमो और आजसू के नेताओं की मौजूदगी में वार्ता हुई। इसमें कंपनी प्रबंधन, टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन और आंदोलनकारियों के बीच सहमति बनी।
आंदोलन में कई संगठनों ने दिया साथ
मजदूर नेता बंटी सिंह ने कहा कि आंदोलन का उद्देश्य राजनीति करना या श्रेय लेना नहीं, बल्कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना था। उन्होंने सहयोग करने वाले सभी राजनीतिक दलों और युवाओं के प्रति आभार जताया। वहीं, झामुमो जिलाध्यक्ष विक्टर सोरेन ने कहा कि मजदूरों के हितों के साथ समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी कर्मचारियों के साथ अन्याय हुआ तो आवाज उठाई जाएगी।
इधर, आंदोलन समाप्त होने के बाद भी कर्मचारियों के सामने प्लांट में प्रवेश और ड्यूटी को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार बना रहा। बुधवार को ए और जनरल शिफ्ट में पहुंचे कई कर्मचारियों को भी अंदर जाने से रोक दिया गया था।












