
जमशेदपुर: सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में सोमवार को एक शातिर स्नैचर और वारंटी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस को करीब ढाई घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस से बचने के लिए आरोपी अभिषेक कुमार ने ऐसा ड्रामा किया कि पूरा मोहल्ला तमाशबीन बन गया। वह एक के बाद एक कई मकानों की छतों पर दौड़ता रहा, लेकिन आखिरकार दो मकानों की दीवारों के बीच फंस गया, जहां से पुलिस ने उसे बाहर निकालकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चेन स्नैचिंग के मामले में फरार चल रहा अभिषेक कुमार नीतिबाग कॉलोनी स्थित अपने घर में मौजूद है। सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी ने घर का दरवाजा बंद कर लिया और छत पर चढ़ गया। उसने पुलिस को चेतावनी दी कि यदि उसे पकड़ने की कोशिश की गई तो वह छत से कूद जाएगा।
कुछ ही देर बाद उसने छतों के रास्ते भागने की कोशिश शुरू कर दी। वह लगातार एक मकान से दूसरे मकान पर छलांग लगाते हुए करीब छह घरों की छत पार कर गया। पुलिस की टीम भी उसका पीछा करती रही। इसी दौरान जल्दबाजी में वह दो मकानों की संकरी दीवारों के बीच फंस गया। काफी प्रयास के बाद पुलिस ने उसे बाहर निकाला। भागने के दौरान उसे चोटें भी आईं, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। जांच में सामने आया कि रविवार रात आरोपी ने भुइयांडीह चौक के पास रहने वाली एक महिला से चेन स्नैचिंग की थी। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिससे आरोपी की पहचान हुई। पुलिस के अनुसार, अभिषेक कुमार के खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में मारपीट, चोरी, स्नैचिंग और अन्य आपराधिक मामलों के कई केस दर्ज हैं तथा वह पहले से वारंटी भी था। इस अभियान में सीतारामडेरा थाना के साथ सिदगोड़ा और गोविंदपुर थाना की पुलिस भी शामिल रही। बड़ी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी और आरोपी के हाईवोल्टेज ड्रामे के कारण पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी से कई लंबित मामलों के खुलासे की भी उम्मीद है।
