
जमशेदपुर: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत सोमवार को जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय और जुगसलाई के विधायक मंगल कालिंदी ने अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। दोनों जनप्रतिनिधियों को उनके संबंधित क्षेत्र के बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) द्वारा गणना प्रपत्र उपलब्ध कराया गया, जिसे आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद भरकर वापस जमा कर दिया गया। इस दौरान संबंधित निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (ERO) और सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (AERO) भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अभियान की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों के सहयोग की सराहना की।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे SIR-2026 अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें और निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना गणना प्रपत्र भरकर संबंधित बीएलओ या निर्धारित माध्यमों से जमा करें। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन, शुद्ध और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही तरीके से दर्ज हो और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।
