जमशेदपुर : कदमा निवासी युवा कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड की जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। हत्याकांड की कड़ियों को जोड़ने के क्रम में पुलिस टीम ने सिदगोड़ा क्षेत्र स्थित विक्रम शर्मा के कार्यालय में तलाशी ली। पुलिस ने कार्यालय का ताला खुलवाकर अंदर मौजूद दस्तावेजों और अन्य सामग्री की जांच की।
निखार हत्याकांड की जांच कर रही जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां पुलिस की संयुक्त टीम पुराने संपर्कों, संभावित नेटवर्क और घटना से जुड़े संदिग्ध पहलुओं को खंगाल रही है। इसी क्रम में विक्रम शर्मा के कार्यालय की तलाशी को जांच की महत्वपूर्ण कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।
सोनारी में भी हुई थी तलाशी
इससे पहले संयुक्त पुलिस टीम ने मामले में आरोपित बताए जा रहे अशोक सिंह राघव के सोनारी स्थित डिजिटल मीडिया कार्यालय और आवास पर सर्च वारंट के आधार पर तलाशी ली थी। पुलिस ने वहां से कुछ सामग्री जब्त किए जाने की जानकारी दी है। हालांकि, जब्त सामग्री में क्या-क्या मिला, इसका विस्तृत ब्योरा पुलिस की ओर से सार्वजनिक नहीं किया गया है।
विक्रम शर्मा कनेक्शन की भी जांच
विक्रम शर्मा की 13 फरवरी 2026 को देहरादून में हत्या हुई थी। उस मामले की जांच के दौरान जमशेदपुर से जुड़े कुछ लोगों के नाम सामने आने की रिपोर्ट पहले प्रकाशित हो चुकी है। अब निखार हत्याकांड की जांच के दौरान पुलिस द्वारा विक्रम शर्मा के सिदगोड़ा स्थित कार्यालय की तलाशी लिए जाने से इस पहलू की भी जांच महत्वपूर्ण हो गई है।
निखार सबलोक की 24 अगस्त को चांडिल थाना क्षेत्र स्थित टेंथ माइल स्टोन होटल में हत्या हुई थी। मामले में संयुक्त पुलिस टीम पहले ही कई संदिग्धों और आरोपितों से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपितों के अलावा फरार संदिग्धों, पुराने संपर्कों और संभावित साजिश की कड़ियों को भी पुलिस खंगाल रही है।
पुलिस की ताजा कार्रवाई के बाद अब यह पता लगाने पर जोर है कि विक्रम शर्मा के कार्यालय से मिले दस्तावेज या अन्य सामग्री का निखार हत्याकांड की जांच से कोई संबंध सामने आता है या नहीं।











