
रांची : छठ महापर्व की तैयारियों के बीच रांची और आसपास के सूर्य मंदिरों में चहल-पहल बढ़ गई है। लेक रोड पर बड़ा तालाब के किनारे करीब सौ साल पुराना श्री सूर्य नारायण मंदिर है। वहीं, रांची से करीब 35 किलोमीटर दूर बुंडू का सूर्य मंदिर अपने सात घोड़ों वाले रथ के लिए पहचाना जाता है। धुर्वा बस स्टैंड के सूर्य मंदिर में बुधवार से हवन-पूजन शुरू हो गया है। छठ के मौके पर इन तीनों मंदिरों की अपनी खास पहचान है।
बड़ा तालाब के किनारे करीब सौ साल पुराना सूर्य मंदिर
लेक रोड स्थित प्राचीन श्री सूर्य नारायण मंदिर के ठीक बगल में बड़ा तालाब का छठ घाट है। मंदिर के पुजारी पंडित गयादत्त मिश्र बताते हैं कि उनके पूर्वज गया से रांची आए थे। उनका परिवार यहां पूजा-पाठ की परंपरा निभाता आ रहा है।
पंडित मिश्र को मंदिर के गर्भगृह तक जाने का पुराना रास्ता भी याद है। उनके मुताबिक, पहले श्रद्धालु तीन सीढ़ियां चढ़ते थे और फिर तीन सीढ़ियां उतरकर गर्भगृह तक पहुंचते थे। वे बताते हैं कि करीब 50 से 60 साल पहले इस इलाके में आबादी कम थी और तालाब का फैलाव आज से ज्यादा था। समय के साथ तालाब का आकार सिमटा है। मंदिर और छठ घाट आज भी एक-दूसरे के पास हैं।
बुंडू में सात सफेद घोड़ों वाला रथ
रांची से टाटा रोड पर करीब 35 किलोमीटर दूर स्थित बुंडू का सूर्य मंदिर एक विशाल रथ के आकार में बना है। सामने खड़ी सात सफेद घोड़ों की प्रतिमाएं इसकी सबसे अलग पहचान हैं। मंदिर परिसर में एक बड़ा तालाब है, जहां छठ के दौरान रौनक रहती है। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए परिसर में धर्मशाला भी है। मंदिर का निर्माण संस्कृति विहार ट्रस्ट ने कराया था। स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती ने 24 अक्टूबर 1991 को इसका शिलान्यास किया था। इसके बाद 10 जुलाई 1994 को स्वामी वामदेव महाराज ने प्राण-प्रतिष्ठा की। ट्रस्ट के अध्यक्ष अजय मारू के मुताबिक, मंदिर में छठ की तैयारियां चल रही हैं। कार्यक्रम के संयोजन की जिम्मेदारी प्रमोद कुमार संभाल रहे हैं।
धुर्वा में 16 नवंबर तक हवन-पूजन, सूप का वितरण शुरू
धुर्वा बस स्टैंड के सूर्य मंदिर में हर साल दर्जनों परिवार छठ करने आते हैं। इस मंदिर का भूमि पूजन 1997 में हुआ था और वर्ष 2000 में प्राण-प्रतिष्ठा की गई थी। इस बार बुधवार से यहां हवन-पूजन शुरू हो गया है। मंदिर के संचालक सुधीर सिंह के अनुसार, हवन-पूजन 16 नवंबर तक चलेगा। मंदिर की ओर से छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाले सूप का वितरण भी शुरू कर दिया गया है। मंदिर के पुजारी दीपक कुमार पांडेय अपने सहयोगियों के साथ पूजा की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।












