
जमशेदपुर में पद्मशाली समाज को एक मंच पर लाने और एकजुटता को मजबूत करने के उद्देश्य से एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में इस बार पूरे झारखंड से समाज के लोगों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।
झारखण्ड स्टेट पद्मशाली संगम के तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम शहर के एग्रीको क्लब हाउस में संपन्न हुआ। हर वर्ष आयोजित होने वाले इस समारोह में जहां पहले केवल जमशेदपुर के लोग शामिल होते थे, वहीं इस बार यह आयोजन राज्यस्तरीय रूप में सामने आया।झारखण्ड के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में समाज के लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय पद्मशाली संगम के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे। उन्होंने अपने संबोधन में समाज को संगठित रहने, शिक्षा को प्राथमिकता देने और सामाजिक विकास की दिशा में मिलकर कार्य करने का संदेश दिया।
वक्ताओं ने कहा कि यदि समाज के लोग एकजुट होकर आगे बढ़ते हैं, तो वे हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को हासिल कर सकते हैं। इस तरह के आयोजन समाज में आपसी भाईचारे और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पद्मशाली समाज को एक मंच पर लाकर संगठन को सशक्त बनाना और समाज के सर्वांगीण विकास की दिशा में कदम बढ़ाना रहा।
