
जमशेदपुर: गोविंदपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को तेज रफ्तार स्कूल बस ने सड़क किनारे खड़े लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में सात वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
हादसा अन्ना चौक के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, भोला बागान निवासी रूही कुमारी अपने परिजनों के साथ कार धुलवाने के लिए अन्ना चौक पहुंची थी। इसी दौरान एसडी पब्लिक स्कूल की तेज रफ्तार बस अचानक अनियंत्रित हो गई। बस सड़क किनारे मौजूद लोगों को रौंदते हुए आगे बढ़ गई। हादसे में रूही कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। हादसे में रेहान (11) और रोशन शर्मा (21) भी घायल हुए हैं। दोनों का टाटा मोटर्स अस्पताल में इलाज चल रहा है।
हादसे के बाद बस लेकर भागा चालक, पुलिस ने पकड़ा
घटना के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही गोविंदपुर पुलिस ने आसपास के थाना क्षेत्रों को अलर्ट किया। इसके बाद पुलिस टीम ने हुरलुंग स्थित टेल्को बीएड कॉलेज के पास बस को रोक लिया। चालक को हिरासत में लेने के साथ बस को भी जब्त कर लिया गया है।
गुस्साए लोगों ने अन्ना चौक पर किया सड़क जाम
हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अन्ना चौक पर जुट गए। लोगों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। स्थानीय लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाके में भारी वाहनों और तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही से लगातार दुर्घटना का खतरा बना रहता है। लोगों ने इस दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की।
पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया। फिलहाल मामले की जांच जारी है और बस चालक से पूछताछ की जा रही है।
Trending
- निशा भगत की मौत मामले में सीबीआई जांच के निर्देश, परिजनों की मांग के बीच मुख्यमंत्री का बड़ा फैसला
- स्वच्छ हवा-पानी के लिए उठी आवाज, जल पुरुष बोले—कानूनी लड़ाई के साथ जनआंदोलन जरूरी
- घरेलू विवाद में खूनी खेल! धारदार हथियार से पिता की हत्या, वारदात के बाद पत्नी-पुत्र गायब; पुलिस ने खोज निकाला
- रेहला में विसर्जन के दौरान बवाल, पुलिस पर पथराव के बाद हवाई फायरिंग, आठ आरोपी जेल भेजे गए
- अवनि, कायरा और शक्ति… टाटा जू की तीन नन्हीं शावकों को मिली पहचान, लोगों ने भेजे 1,900 से ज्यादा नाम
- राहुल से पहले खोया था पहला बेटा, सोनिया गांधी की आत्मकथा में छलका वर्षों पुराना दर्द
- कदमा की गली में मिला बुजुर्ग का शव, 200 मीटर दूर पड़ी थी साइकिल, परिजनों को हत्या का संदेह
- पत्नी को साथ ले जाने ससुराल आए युवक की मौत, ठाकुरबाड़ी में मिला शव












