
जमशेदपुर: झारखंड विधानसभा की सामान्य प्रयोजन समिति की सभापति सह कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव की अध्यक्षता में गुरुवार को जमशेदपुर परिसदन सभागार में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति सदस्य सह विधायक रौशन लाल चौधरी और सुरेश बैठा भी उपस्थित रहे।
बैठक में आपदा प्रबंधन, पेयजल एवं स्वच्छता, भवन प्रमंडल, लघु सिंचाई, शिक्षा, नियोजन, सामाजिक सुरक्षा, परिवहन, पशुपालन, उद्योग, राजस्व, पथ निर्माण और समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान समिति ने आपदा प्रबंधन विभाग को मुआवजा भुगतान समेत सभी लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। कल्याण विभाग को छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल वितरण का कार्य शत-प्रतिशत जल्द पूरा करने को कहा गया।
वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग को व्यापक स्तर पर पौधरोपण कराने तथा शिक्षा विभाग को विद्यालय परिसरों में विद्यार्थियों की सहभागिता से फलदार पौधे लगाने का निर्देश दिया गया। सभापति डॉ. नीरा यादव ने जिला शिक्षा अधीक्षक से विद्यालयों में शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति समेत अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
बैठक में ऊर्जा विभाग से विद्युत उपलब्धता की स्थिति की जानकारी ली गई। वहीं राजस्व, उत्पाद, खनन, वाणिज्यकर और परिवहन विभागों से निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध राजस्व संग्रहण की समीक्षा की गई। समिति ने संबंधित अधिकारियों को तय समय सीमा के भीतर राजस्व संग्रहण का लक्ष्य पूरा करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान समिति ने जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं के साथ एंटीवेनम की पर्याप्त उपलब्धता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा।
समिति ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को योजनाओं और संचालित कार्यों की अद्यतन रिपोर्ट समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर उपायुक्त समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, तकनीकी विभागों के कार्यपालक अभियंता और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

