
जमशेदपुर: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत प्राप्त दावा-आपत्तियों से संबंधित दस्तावेजों के सत्यापन के लिए पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने टीम गठित की है। शनिवार और रविवार यानी 22 एवं 23 अगस्त को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान मतदाता सूची से संबंधित दावा-आपत्तियों और दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा।
समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के नोडल पदाधिकारियों को दावा-आपत्ति के दौरान प्राप्त दस्तावेजों के व्यवस्थित और सावधानीपूर्वक सत्यापन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में कार्यालय स्तर पर गठित टीमों द्वारा किए जाने वाले कार्यों की भी जानकारी साझा की गई। सभी संबंधित पदाधिकारी और कर्मियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सत्यापन कार्य पूरा करने तथा मतदाताओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।
पात्र मतदाता का नाम प्रभावित न हो, इसका रखें ध्यान
बैठक में विशेष रूप से निर्देश दिया गया कि प्रत्येक दावा एवं आपत्ति की जांच पूरी संवेदनशीलता, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ की जाए। मतदाताओं द्वारा उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों का निर्धारित प्रक्रिया के तहत सत्यापन करते हुए यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम केवल दस्तावेजी प्रक्रिया में कमी के कारण प्रभावित न हो।
अधिकारियों को प्राप्त दस्तावेजों की जांच निर्धारित मानकों के अनुरूप करने और आवश्यक अभिलेखों का विधिवत संधारण करने का निर्देश दिया गया। किसी प्रकार की शंका या कठिनाई सामने आने पर संबंधित वरीय पदाधिकारी से मार्गदर्शन लेकर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।
मतदाताओं से सहयोग की अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि दावा एवं आपत्ति से संबंधित प्रक्रिया के दौरान आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराएं। प्रशासन ने मतदाताओं से निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और सहभागी बनाने में सहयोग करने की अपील की है।
बैठक में पुलिस, अभियांत्रिकी, शिक्षा, नगर निकाय, प्रखंड एवं अंचल स्तर के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Trending
- पिपरा-भकासी सड़क कीचड़ में तब्दील, आवागमन हुआ मुश्किल
- ग्रामीणों के श्रम से बना टेढ़वा नाला का पुल बारिश में बहा, 100 घरों का आवागमन प्रभावित
- लेस्लीगंज बाजार में सरकारी भूमि पर धड़ल्ले से निर्माण, अतिक्रमण को लेकर अधिकारी मौन
- पैरा-लेदगाई मुख्य मार्ग की बदहाली से लोग परेशान, अधूरा निर्माण बना हादसे का खतरा
- मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर टीम गठित, 22-23 अगस्त को बूथों पर विशेष शिविर
- विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस पर डालसा ने ओल्ड एज होम में लगाया हेल्थ कैंप
- दोमुहानी संगम क्षेत्र में संभावित अतिक्रमण की जांच की मांग, संयुक्त सर्वे कराने का आग्रह
- मां कमला देवी की पुण्यतिथि पर भावपूर्ण स्मरण

