
जमशेदपुर: शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जुगसलाई थाना क्षेत्र में पुलिस ने ब्राउन शुगर की तस्करी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 24 पुड़िया ब्राउन शुगर और नकद राशि बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जुगसलाई थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक विशेष टीम का गठन किया था। टीम ने जुगसलाई थाना क्षेत्र स्थित नदी रेलवे पुल और उसके आसपास सड़क किनारे छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को पकड़कर उनकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान दोनों के पास से कुल 24 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. सरफराज और मो. शहबाज उर्फ मुन्ना के रूप में हुई है। दोनों आरोपी जुगसलाई थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अवैध धंधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

