
जमशेदपुर:परसूडीह थाना क्षेत्र के सलगाजूड़ी हनुमान मंदिर के पास सोमवार सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे में चांदनी चौक निवासी 25 वर्षीय सुमित मुंडा की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन किया और दोषी चालक की गिरफ्तारी की मांग की। मिली जानकारी के अनुसार सुमित मुंडा सुबह करीब 5:30 बजे बाइक से टाटा मोटर्स में अपनी ड्यूटी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान सलगाजूड़ी हनुमान मंदिर के समीप पीछे से आ रहे एक हाईवा ने उन्हें ओवरटेक करने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इस दौरान हाईवा की टक्कर से बाइक असंतुलित हो गई और सुमित सड़क पर गिर पड़े। देखते ही देखते हाईवा का पहिया उनके ऊपर चढ़ गया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने हाईवा को घेरकर रोक लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही परसूडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
घटना से गुस्साए लोगों का कहना है कि जिस मार्ग पर हादसा हुआ, वहां सड़क संकरी है, फिर भी भारी वाहनों का आवागमन लगातार जारी रहता है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि इस सड़क पर पहले भी कई जानलेवा दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की। परिजनों और स्थानीय लोगों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा, फरार चालक की तत्काल गिरफ्तारी और इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण की मांग की। काफी देर तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने लोगों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।
