
जमशेदपुर: जमशेदपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 9.2 किलोग्राम गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 31,360 रुपये नकद, एक बाइक, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। तीनों के खिलाफ एमजीएम थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एमजीएम थाना क्षेत्र के बेको गांव में रहने वाला मंतोष महतो अपने घर से गांजा की खरीद-बिक्री करता है। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की, जहां से 7.2 किलोग्राम गांजा, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और 6,400 रुपये नकद बरामद किए गए।
पूछताछ के दौरान मंतोष महतो ने खुलासा किया कि वह पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले से गांजा मंगाकर जमशेदपुर में सप्लाई करता है। उसने पुलिस को यह भी बताया कि उसी दिन पुरुलिया निवासी शंभू गोराई और प्राण कृष्णा गोराई गांजा की नई खेप लेकर उसके घर पहुंचने वाले हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस ने छोटाबाकी गांव जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी की। कुछ देर बाद बाइक से पहुंचे दोनों आरोपियों को रोककर तलाशी ली गई। उनके पास से 2 किलोग्राम गांजा और 24,960 रुपये नकद बरामद किए गए। इसके बाद दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस का कहना है कि पूरे गिरोह के नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी सीतारामडेरा थाना पुलिस ने बस स्टैंड से 33 किलोग्राम गांजा के साथ पटना के एक तस्कर को गिरफ्तार किया था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से संकेत मिल रहे हैं कि शहर में सक्रिय मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
