
जमशेदपुर: मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में विश्व वैस्कुलर दिवस 2026 के अवसर पर शुक्रवार को विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। टीएमएच ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में 150 से अधिक चिकित्सक, हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स, कंसल्टेंट, नर्सिंग स्टाफ और अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान टीएमएच के वैस्कुलर सर्जरी विभाग की महत्वपूर्ण उपलब्धियों को भी साझा किया गया। विभाग ने अब तक 1,020 ओपन वैस्कुलर सर्जिकल प्रक्रियाएं और 145 एंडोवैस्कुलर इंटरवेंशन सफलतापूर्वक पूरे किए हैं। इसे संस्थान में वैस्कुलर सेवाओं के विस्तार और विशेषज्ञ उपचार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना गया। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण बहु-विषयक संगोष्ठी रही, जिसका विषय “नॉट ऑल रोड्स लीड टू वैरिकोज वेन्स: ए प्रैक्टिकल अप्रोच टू लोअर लिम्ब ओडीमा” था। इसमें फिजिकल मेडिसिन एंड रिहैबिलिटेशन, ऑर्थोपेडिक्स, न्यूरोसर्जरी और वैस्कुलर सर्जरी विभाग के विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया।
संगोष्ठी में पैरों में सूजन के अलग-अलग कारणों, सही जांच प्रक्रिया, मरीजों को विशेषज्ञ विभाग तक रेफर करने और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय से इलाज जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने रोजमर्रा के चिकित्सा अभ्यास में इस तरह के मामलों के व्यावहारिक प्रबंधन पर भी अपने अनुभव साझा किए।कार्यक्रम का नेतृत्व वैस्कुलर एवं एंडोवैस्कुलर सर्जन डॉ. प्रशांत रमन ने किया। वे टीएमएच में वैस्कुलर सेवाओं के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इस अवसर पर चीफ मेडिकल इंफॉर्मेशन सर्विसेज (सीएमआईएस) डॉ. अशोक सुंदर, चीफ मेडिकल सपोर्ट सर्विसेज (सीएमएसएस) डॉ. ममता रथ दत्ता, विभिन्न विभागों के प्रमुख और अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि एवं जीएम-मेडिकल सर्विसेज डॉ. विनिता सिंह ने टीएमएच के वैस्कुलर सर्जरी विभाग की प्रगति की सराहना की। उन्होंने क्लिनिकल एक्सीलेंस, नवाचार, चिकित्सा शिक्षा और विभिन्न विशेषज्ञ विभागों के बीच सहयोग के माध्यम से क्षेत्र में बेहतर वैस्कुलर केयर उपलब्ध कराने की टीम की प्रतिबद्धता की प्रशंसा की। कार्यक्रम का समापन केक कटिंग समारोह के साथ हुआ। इस दौरान क्षेत्र में वैस्कुलर चिकित्सा सेवाओं को और मजबूत करने के संकल्प को दोहराया गया।

