
जामाडोबा : सुरक्षित खनन और बेहतर परिचालन के क्षेत्र में टाटा स्टील के झरिया डिवीजन ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। डिवीजन की भेलाटांड़ अमलगैमेटेड कोलियरी और सिजुआ कोलियरीज़ को आकलन वर्ष 2024-25 के लिए फाइव स्टार रेटिंग प्रदान की गई है। रायपुर में सोमवार को कोयला मंत्रालय की ओर से आयोजित ‘स्टार रेटिंग अवॉर्ड्स फॉर कोल एंड लिग्नाइट माइंस’ समारोह में दोनों को भूमिगत खदान श्रेणी में सम्मानित किया गया।
देश की चुनिंदा खदानों में बनाई जगह
कंपनी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, इस वर्ष ओपनकास्ट, भूमिगत और मिश्रित श्रेणियों की कुल 382 खदानों ने मूल्यांकन में भाग लिया। इनमें सिर्फ 50 खदानें फाइव स्टार रेटिंग हासिल कर सकीं। भूमिगत श्रेणी में शामिल 140 खदानों में से केवल 15 को यह सम्मान मिला। इन चुनिंदा खदानों में झरिया डिवीजन की दोनों कोलियरियों का शामिल होना उसके प्रदर्शन की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। समारोह में कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने पुरस्कार प्रदान किए। झरिया डिवीजन के जेनरल मैनेजर नरेंद्र कुमार गुप्ता, सिजुआ कोलियरी के हेड संजीव कुमार ठाकुर और डिवीजन के अन्य अधिकारियों ने सम्मान ग्रहण किया। कार्यक्रम में कोयला मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
कर्मचारियों की मेहनत और टीमवर्क को श्रेय
इस उपलब्धि पर नरेंद्र कुमार गुप्ता ने कर्मचारियों और अधिकारियों को बधाई दी। उनके अनुसार, झरिया डिवीजन में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। कर्मचारियों की सामूहिक प्रतिबद्धता, अनुशासन और आपसी तालमेल ने पूरे डिवीजन में सुरक्षा संस्कृति को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान खनन संचालन में उत्कृष्टता के साथ सुरक्षित और टिकाऊ कार्यप्रणालियों के प्रति डिवीजन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस सफलता का श्रेय उन सभी कर्मचारियों और अधिकारियों को जाता है, जो जिम्मेदारी के साथ अपने कार्यों का निर्वहन कर रहे हैं।
पिछले वर्षों में भी मिल चुकी है पहचान
झरिया डिवीजन की कोलियरियां पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त कर चुकी हैं। वर्ष 2023-24 के मूल्यांकन में भेलाटांड़ कोलियरी को फाइव स्टार और सिजुआ कोलियरी को फोर स्टार रेटिंग मिली थी। इसके अलावा आधार वर्ष 2019-20, 2020-21 और 2021-22 के स्टार रेटिंग आकलनों में भी डिवीजन की चार भूमिगत कोलियरियों ने विभिन्न सम्मान अर्जित किए थे।
सुरक्षा से पर्यावरण तक कई मानकों पर मूल्यांकन
कोयला मंत्रालय की स्टार रेटिंग प्रणाली में खदानों का मूल्यांकन सुरक्षा, वैज्ञानिक खनन, पर्यावरण संरक्षण, तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल, सतत विकास और समग्र परिचालन प्रदर्शन के आधार पर किया जाता है। इसका उद्देश्य खनन क्षेत्र में बेहतर कार्यप्रणालियों को बढ़ावा देना और नवाचार को प्रोत्साहित करना है। साथ ही, खदानों के बीच लगातार सुधार की संस्कृति विकसित करना भी इस पहल का महत्वपूर्ण हिस्सा है।












