
- आवाज झारखंड 2026 में स्कूली विद्यार्थियों से लेकर विश्वविद्यालय के युवाओं तक को मौका, हिंदी-अंग्रेजी दोनों भाषाओं में होगी प्रतियोगिता
रांची : झारखंड के युवाओं के पास अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ 10 हजार रुपये तक का नकद पुरस्कार जीतने का मौका है। निर्वाचन विभाग की ओर से ‘आवाज झारखंड 2026’ के तहत राज्यस्तरीय भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इसमें स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय के विद्यार्थी हिस्सा ले सकेंगे। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए युवाओं को अपने भाषण का वीडियो बनाकर 10 नवंबर तक जमा करना होगा। खास बात यह है कि इसके लिए किसी बड़े कैमरे या स्टूडियो की जरूरत नहीं है। प्रतिभागी मोबाइल से ही अपना वीडियो तैयार कर सकते हैं।
प्रतियोगिता हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में आयोजित होगी। दोनों श्रेणियों में अलग-अलग पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 10 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर पांच हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को तीन हजार रुपये मिलेंगे। विजेताओं को नकद पुरस्कार के साथ ट्रॉफी और प्रमाणपत्र भी दिया जाएगा।
9वीं से विश्वविद्यालय तक के विद्यार्थी ले सकेंगे हिस्सा
‘आवाज झारखंड 2026’ में राज्य के स्कूलों में कक्षा नौवीं से 12वीं तक के विद्यार्थी तथा कॉलेज और विश्वविद्यालयों में पढ़ने वाले युवा भाग ले सकते हैं। प्रतिभागियों को हिंदी या अंग्रेजी में एक से पांच मिनट का भाषण वीडियो तैयार करना होगा। वीडियो के साथ भाषण की लिखित स्क्रिप्ट भी अपलोड करनी अनिवार्य है। वीडियो पोर्ट्रेट फॉर्मेट यानी 9:16 में होना चाहिए। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों की वास्तविक आवाज और प्रस्तुति को महत्व दिया जाएगा। एआई से तैयार ऑडियो और वीडियो सामग्री स्वीकार नहीं की जाएगी।
मतदाता सूची और लोकतंत्र पर देना होगा भाषण
प्रतिभागियों के लिए तीन विषय निर्धारित किए गए हैं। इनमें ‘शुद्ध मतदाता सूची से मजबूत लोकतंत्र’, ‘लोकतंत्र को मजबूत बनाने में युवाओं की भूमिका’ और ‘मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण क्यों जरूरी है’ शामिल हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को मतदाता सूची, मतदान प्रक्रिया और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जागरूक करना है।
तीन चरणों में होगा प्रतियोगिता का आयोजन
प्रतियोगिता का आयोजन संस्थान, विधानसभा क्षेत्र और जिला स्तर पर तीन चरणों में किया जाएगा। संस्थान स्तर की प्रतियोगिताएं सात नवंबर तक आयोजित होंगी। इसके बाद विधानसभा स्तर की प्रतियोगिताएं 10 से 13 नवंबर तक होंगी। जिला स्तरीय फाइनल 16 से 18 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। संस्थान स्तर पर प्रत्येक प्रतियोगिता से दो प्रतिभागियों का चयन होगा। विधानसभा स्तर पर प्रत्येक क्षेत्र से 10 प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। इसके बाद जिला स्तरीय फाइनल में प्रत्येक प्रतियोगिता के शीर्ष 10 प्रतिभागियों को विजेता घोषित किया जाएगा।
निबंध और क्विज प्रतियोगिता भी होगी
भाषण प्रतियोगिता के अलावा निबंध और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा। निबंध के लिए ‘शुद्ध मतदाता सूची का महत्व’ और ‘मतदान का महत्व’ विषय निर्धारित किए गए हैं। स्कूली विद्यार्थियों के लिए निबंध की शब्द सीमा 500 से 800 शब्द और कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए 800 से 1200 शब्द रखी गई है। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में मतदाता सूची निर्माण, ईवीएम, वीवीपैट, मतदान प्रक्रिया और मतगणना से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे।
ईसीआईनेट एप डाउनलोड कराने के लिए चलेगा अभियान
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार के निर्देश पर पांच नवंबर को राज्य के सभी शैक्षणिक संस्थानों में इलेक्ट्रोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) के माध्यम से ईसीआईनेट एप डाउनलोड कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। सोशल मीडिया के माध्यम से भी विद्यार्थियों को एप के प्रति जागरूक किया जाएगा। निर्वाचन विभाग का उद्देश्य युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, मतदान के महत्व और लोकतंत्र में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करना है।












