
जमशेदपुर : रांची जिले के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) तमाड़ में विद्यार्थियों को रोबोटिक वेल्डिंग सीखने का मौका मिलेगा। संस्थान की वेल्डिंग लैब में आधुनिक मशीन लगाई जाएगी। कक्षाओं में डिजिटल पैनल और कंप्यूटर लैब में अतिरिक्त सिस्टम भी लगाए जाएंगे। इन सुविधाओं के लिए सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिजाइन इंस्टीट्यूट लिमिटेड (सीएमपीडीआईएल) और टाटा स्टील फाउंडेशन ने समझौता किया है। कोयला मंत्रालय के अधीन भारत सरकार का उपक्रम सीएमपीडीआईएल अपनी कॉरपोरेट सामाजिक जिम्मेदारी (सीएसआर) के तहत परियोजना के लिए 71.21 लाख रुपये देगा।
मशीन चलाने से लेकर प्रोग्रामिंग तक सीखेंगे विद्यार्थी
परियोजना के तहत वेल्डिंग लैब में आधुनिक रोबोटिक वेल्डिंग मशीन लगाई जाएगी। इसकी मदद से विद्यार्थी समझ सकेंगे कि उद्योगों में स्वचालित तरीके से वेल्डिंग कैसे की जाती है। प्रशिक्षण में उन्हें मशीन की बुनियादी प्रोग्रामिंग, वेल्डिंग के लिए जरूरी सेटिंग और उपकरण को सुरक्षित ढंग से चलाने के तरीके बताए जाएंगे। इस व्यवस्था से विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान ही उद्योगों में इस्तेमाल होने वाली तकनीक पर अभ्यास करने का मौका मिलेगा।
कक्षाओं में डिजिटल पैनल, लैब में बढ़ेंगे कंप्यूटर
संस्थान की कक्षाओं में नई बेंच लगाई जाएंगी और बैठने की व्यवस्था सुधारी जाएगी। पढ़ाई के लिए इंटरैक्टिव डिजिटल पैनल भी लगाए जाएंगे। कंप्यूटर लैब में अतिरिक्त कंप्यूटर, वर्कस्टेशन और जरूरी उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यम से सीखने और कंप्यूटर पर अभ्यास करने की बेहतर सुविधा मिल सके।
आईटीआई तमाड़ में फिलहाल 235 विद्यार्थी पढ़ रहे हैं। इनमें 140 पहले वर्ष और 95 दूसरे वर्ष में हैं। संस्थान के करीब 90 प्रतिशत विद्यार्थी आदिवासी समुदायों से आते हैं। टाटा स्टील फाउंडेशन के सीईओ सौरव रॉय ने कहा कि तकनीकी शिक्षा युवाओं को हुनर सीखने और आजीविका के लिए तैयार होने में मदद करती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस साझेदारी से खासकर आदिवासी विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक और व्यावहारिक प्रशिक्षण तक बेहतर पहुंच मिलेगी।
मार्च 2028 तक चलेगी परियोजना
समझौते पर टाटा स्टील फाउंडेशन के सीईओ सौरव रॉय और सीएमपीडीआईएल के रांची मुख्यालय में मानव संसाधन एवं सीएसआर के महाप्रबंधक संजय कदंबर ने हस्ताक्षर किए। दोनों संस्थाओं के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में टाटा स्टील फाउंडेशन की ओर से कैप्टन अमिताभ और सीएमपीडीआईएल की ओर से संजय कदंबर ने हस्ताक्षरित दस्तावेजों का आदान-प्रदान किया।
टाटा स्टील फाउंडेशन परियोजना को लागू करेगा। काम मार्च 2028 तक चलेगा। इस दौरान नियमित निगरानी और रिपोर्टिंग के जरिए देखा जाएगा कि सुविधाएं बढ़ाने का काम कितना आगे बढ़ा है और सीएसआर राशि का इस्तेमाल तय उद्देश्यों के लिए हो रहा है। समझौते के तहत जिन सुविधाओं को इस राशि से विकसित किया जाएगा, वहां सीएमपीडीआईएल के सहयोग का उल्लेख भी किया जाएगा।












