
जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धतकीडीह में हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से हथियार भी बरामद किए हैं। घटना धातकीडीह के कुरैशी मोहल्ला की है, जहां फायरिंग की वारदात सामने आई थी। इस संबंध में स्थानीय निवासी सरफराज कुरैशी के आवेदन पर बिष्टुपुर थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर छापेमारी करते हुए मोहम्मद इमरान उर्फ गोरे और महफूज आलम को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की पूछताछ में यह बात सामने आई कि वादी और आरोपियों के बीच पुरानी दुश्मनी थी। इसी विवाद के चलते फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी पिस्टल, 7.65 एमएम की जिंदा गोली, एक खोखा और बिना नंबर प्लेट की एक बाइक बरामद की है। जानकारी के अनुसार, मुख्य आरोपी मोहम्मद इमरान उर्फ गोरे का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पहले से करीब 10 मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

