
पलामू: सोशल मीडिया पर रील बनाने की बढ़ती होड़ के बीच एक युवती का रेलवे परिसर में खतरनाक तरीके से वीडियो बनाना महंगा पड़ गया। मामला जपला के निकट स्थित काजरात नावाडीह रेलवे स्टेशन का है, जहां एक युवती रील बनाने के दौरान मालगाड़ी के इंजन तक पहुंच गई और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद रेलवे प्रशासन हरकत में आया और मामले की जांच शुरू की। जांच में रेलवे संपत्ति और सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित युवती के खिलाफ रेलवे की ओर से मामला दर्ज किया गया है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि बिना अनुमति रेलवे ट्रैक, इंजन या प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करना कानूनन अपराध है। ऐसे कृत्य न केवल व्यक्ति की जान को खतरे में डालते हैं, बल्कि रेल संचालन और सुरक्षा व्यवस्था पर भी असर डाल सकते हैं।
मामले में कार्रवाई करते हुए रेलवे ने युवती को कोर्ट में उपस्थित होने का आदेश दिया है। अधिकारियों ने आम लोगों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए रेलवे ट्रैक, प्लेटफॉर्म या इंजन के आसपास खतरनाक स्टंट और रील बनाने से बचें।
रेलवे ने चेतावनी दी है कि सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
