
जमशेदपुर: जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र स्थित तुरियाबेड़ा के धर्माबांधा में मंगलवार देर रात एक घरेलू विवाद ने दर्दनाक मोड़ ले लिया। विवाद के दौरान एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने महिला के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतका की पहचान 40 वर्षीय गीता मंडल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गीता गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलने पर एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मामले में गीता के पति बापी मंडल को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि दंपति के बीच पिछले कुछ महीनों से आपसी तनाव चल रहा था। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच एक युवक से फोन पर बातचीत को लेकर अक्सर विवाद होता था। इस मुद्दे को लेकर पहले भी कई बार दोनों के बीच झगड़ा हुआ था और मामला थाने तक पहुंचा था, जहां समझौता कराकर दोनों को घर भेज दिया गया था। स्थानीय लोगों के अनुसार, बापी मंडल डिमना रोड इलाके में एक होटल का संचालन करता है। दोनों की यह दूसरी शादी बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
