
जमशेदपुर: गोलमुरी पुलिस लाइन में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस लाइन में तैनात एक जवान अचानक थाना के सामने स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। जवान को ऊंचाई पर चढ़ा देख पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस के अधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, टावर पर चढ़ने वाले जवान की पहचान बाबूलाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से पारिवारिक विवाद और आर्थिक परेशानियों के कारण मानसिक तनाव में था। इसी दौरान वह मोबाइल टावर पर चढ़ गया। हालांकि, आत्महत्या के प्रयास की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं की गई है। मौके पर पहुंचे उसके साथी पुलिसकर्मियों और अधिकारियों ने काफी देर तक उससे बातचीत की। धैर्य और सूझबूझ से उसे समझाया गया, जिसके बाद बाबूलाल सुरक्षित नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली।
घटना के बाद जवान की स्वास्थ्य स्थिति की जांच कराई गई। पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है। वहीं, घटना को लेकर अभी तक किसी वरिष्ठ अधिकारी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। इस घटना के दौरान कुछ समय के लिए थाना परिसर के बाहर लोगों की भीड़ लगी रही। समय रहते पुलिस की तत्परता से एक बड़ी अनहोनी टल गई।

