
रांची : झारखंड में JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा यात्रा निकालने के बाद अब JPSC-JSSC रिफॉर्म्स मंच ने 20 अगस्त को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास का घेराव करने का ऐलान किया है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।
22 दिन से आंदोलन, अब सीएम आवास घेरने की तैयारी
प्रदर्शनकारियों के अनुसार, JPSC-JSSC परीक्षाओं में अनियमितताओं की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर आंदोलन 22 दिनों से जारी है। सरकार के साथ तीन दौर की बातचीत के बावजूद गतिरोध खत्म नहीं हुआ है। इसी के बाद मंच ने 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास घेराव का फैसला लिया है।
तिरंगा यात्रा में उमड़ा छात्रों का हुजूम
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रांची में हजारों छात्रों ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए अल्बर्ट एक्का चौक पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। प्रदर्शन में व्हीलचेयर पर बैठे भूख हड़ताल कर रहे दो प्रदर्शनकारी भी शामिल हुए।
देवेंद्र महतो को अस्पताल से बाहर निकलने से रोका गया
प्रदर्शन के दौरान छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो को अस्पताल से बाहर निकलकर तिरंगा यात्रा में शामिल होने की अनुमति नहीं मिली। प्रशासन ने उनके स्वास्थ्य का हवाला देते हुए उन्हें अस्पताल से बाहर जाने से रोका। समर्थकों का आरोप है कि इस दौरान पुलिस और उनके बीच धक्का-मुक्की हुई।
20 अगस्त को बड़ा शक्ति प्रदर्शन
JPSC-JSSC रिफॉर्म्स मंच के नेता रविंद्र पासवान ने कहा कि 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि JMM और कांग्रेस दोनों छात्रों की मांगों को लेकर गंभीर नहीं हैं। मंच ने सरकार से मांगें मानने की अपील करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी से भी गठबंधन सरकार से समर्थन वापस लेने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी ऐलान किया है कि रविवार को सभी 24 जिलों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पुतले जलाए जाएंगे। आंदोलनकारी छात्रों का कहना है कि जब तक भर्ती परीक्षाओं की कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

