
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में गालूडीह थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गालूडीह बराज के कैनाल रोड से करीब 11 किलो अवैध गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से गांजा के अलावा एक ग्लैमर मोटरसाइकिल और काला हेलमेट भी बरामद किया गया है। पुलिस अब इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। रविवार को ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त को सूचना मिली थी कि कुछ लोग मोटरसाइकिल के जरिए ओडिशा से गांजा लेकर गालूडीह के रास्ते जमशेदपुर की ओर आने वाले हैं। सूचना मिलने के बाद विशेष छापामारी टीम गठित की गई। टीम ने गालूडीह बराज के कैनाल रोड पर वाहनों की जांच और घेराबंदी शुरू की।
इसी दौरान ग्लैमर मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्धों को पुलिस ने रोककर तलाशी ली। तलाशी में करीब 11 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बागबेड़ा थाना क्षेत्र के रेलवे कॉलोनी, संजय नगर निवासी रमेश कुमार सिंह (43), टेल्को थाना क्षेत्र के जेम्को मनीफीट निवासी श्याम नाथ राय (38) और बागबेड़ा थाना क्षेत्र के रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी निवासी बाबूलाल यादव (50) के रूप में हुई है।
पूछताछ में सामने आया तस्करी का नेटवर्क
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने अन्य लोगों के साथ मिलकर गांजा के कारोबार में शामिल होने की जानकारी दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया जा रहा था और जमशेदपुर में इसकी आपूर्ति किन लोगों तक की जानी थी। नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है। मामले में गालूडीह थाना कांड संख्या 17/2026, दिनांक 15 अगस्त 2026 को BNS की धारा 111(4) तथा NDPS Act की धारा 20(b)(ii)(B), 22 और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। छापामारी टीम में पुलिस पदाधिकारी अजय बागे, सहायक अवर निरीक्षक संजय कुमार नुर मिंज और थाना रिजर्व गार्ड के सशस्त्र बल शामिल थे।

