
रांची: राजधानी रांची में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। शहर के करमटोली-चिरौंदी, अरगोड़ा-चापुटोली और हरमू इलाके में बनने वाले तीन बड़े फ्लाईओवर का टेंडर फाइनल हो गया है। अब रेट नेगोशिएशन के बाद चयनित कंपनियों को काम आवंटित किया जाएगा। अक्टूबर से तीनों परियोजनाओं पर निर्माण शुरू होने की उम्मीद है।
तीन कंपनियों का हुआ चयन
तीनों फ्लाईओवर के लिए अलग-अलग कंपनियों का चयन किया गया है।
- करमटोली-चिरौंदी फ्लाईओवर का काम शिवाल्या कंस्ट्रक्शन कंपनी, अरगोड़ा-चापुटोली का काम दिनेश चंद्र आर अग्रवाल इंफ्राकॉन कंपनी और हरमू फ्लाईओवर का काम हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी (एचसीसी), मुंबई को दिए जाने की तैयारी है।
इन परियोजनाओं का निर्माण स्टेट हाइवे अथॉरिटी ऑफ झारखंड (साज) की ओर से कराया जाएगा।
हरमू फ्लाईओवर की लंबाई 3.5 किमी
- हरमू फ्लाईओवर सहजानंद चौक के पहले से शुरू होकर हरमू रोड होते हुए रातू रोड को क्रॉस कर कांके रोड स्थित जज कॉलोनी तक जाएगा। इसकी लंबाई करीब 3.5 किलोमीटर होगी।
इस परियोजना के लिए करीब 326.61 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया गया था। फ्लाईओवर पर सहजानंद चौक की ओर से आने-जाने वाले वाहनों के लिए अलग व्यवस्था भी प्रस्तावित है।
अरगोड़ा फ्लाईओवर भी होगा बड़ा प्रोजेक्ट
- अरगोड़ा चौक फ्लाईओवर के लिए 223.14 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया गया था। यह हरमू रोड में काल्स रेस्टोरेंट के पास से शुरू होकर डिबडीह ब्रिज के पहले तक बनेगा।
इसके अलावा अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ की ओर चापुटोली और अशोक नगर रोड नंबर-3 तक भी फ्लाईओवर का निर्माण होगा। इसमें राउंडअबाउट की व्यवस्था प्रस्तावित है। इसकी कुल लंबाई करीब 3.804 किलोमीटर होगी।
करमटोली-चिरौंदी फ्लाईओवर से भी बदलेगी तस्वीर
- करमटोली फ्लाईओवर को करमटोली चौक से साइंस सिटी यानी चिरौंदी तक बनाया जाएगा। इसकी कुल लंबाई 3.216 किलोमीटर होगी। मुख्य फ्लाईओवर करीब 2.7 किलोमीटर, जबकि 0.52 किलोमीटर लिंक रोड मोरहाबादी के लिए होगा।
इस परियोजना के लिए करीब 351 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया गया था।
तीनों फ्लाईओवर बनने के बाद रांची के प्रमुख इलाकों में ट्रैफिक दबाव कम होने और लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।











