नीलाम्बर-पिताम्बरपुर/लेस्लीगंज: लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में चोरों ने घर के दरवाजे पर खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली को ही निशाना बना लिया। पांकी-मेदिनीनगर मुख्य पथ पर ब्लॉक के सामने हुई चोरी की यह पूरी वारदात घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।
CCTV में कैद हुई चोरी की तस्वीरें
जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर मालिक धर्मेंद्र कुमार का ट्रैक्टर-ट्रॉली उनके घर के दरवाजे पर खड़ा था। इसी दौरान अज्ञात चोर ट्रैक्टर को लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार ने CCTV फुटेज खंगाला और उसमें कैद तस्वीरों के आधार पर चोरों का पता लगाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
थाने में दिया आवेदन, जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद ट्रैक्टर मालिक धर्मेंद्र कुमार ने अज्ञात लोगों के खिलाफ लेस्लीगंज थाने में आवेदन दिया है। उन्होंने पुलिस से ट्रैक्टर बरामद करने और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है।
CCTV और दूसरे साक्ष्यों को खंगाल रही पुलिस
थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने बताया कि ट्रैक्टर चोरी का आवेदन प्राप्त हुआ है। CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।








