
- छह महीने तक की वेटिंग के बावजूद ग्राहकों का उत्साह बरकरार, लग्जरी, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक गाड़ियों की बढ़ी मांग
- 250 से अधिक लग्जरी-प्रीमियम कारों की एडवांस बुकिंग, टाटा मोटर्स ने रखा 500 से अधिक गाड़ियां बेचने का लक्ष्य
जमशेदपुर : धनतेरस पर जमशेदपुर का ऑटोमोबाइल बाजार पूरी रफ्तार में नजर आ रहा है। इस बार ग्राहकों के बीच सिर्फ बजट कारों का ही नहीं, बल्कि करोड़ों रुपये की लग्जरी गाड़ियों का भी जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। 2.50 करोड़ रुपये की टोयोटा लैंड क्रूजर से लेकर 13.98 लाख रुपये की महिंद्रा XUV तक की बुकिंग ने बाजार में उत्साह बढ़ा दिया है। खास बात यह है कि कई लोकप्रिय मॉडलों पर छह से आठ महीने तक की वेटिंग होने के बावजूद ग्राहकों का उत्साह कम नहीं हुआ है।
बढ़ती क्रय शक्ति, बेहतर आय और बदलती जीवनशैली का असर इस बार कार बाजार में साफ दिखाई दे रहा है। पेट्रोल-डीजल के साथ हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग भी तेजी से बढ़ रही है। शोरूमों में ग्राहकों की भीड़ और एडवांस बुकिंग के आंकड़े इस बात की गवाही दे रहे हैं कि धनतेरस पर वाहन खरीदारी को लेकर शहर में खास उत्साह है।
2.50 करोड़ की लैंड क्रूजर और 1.50 करोड़ की हाईलेक्स की बुकिंग
शहर के लग्जरी कार बाजार में टोयोटा के प्रीमियम वाहनों ने सबसे ज्यादा ध्यान खींचा है। बेबको टोयोटा में लगभग 2.50 करोड़ रुपये कीमत वाली लैंड क्रूजर की चार गाड़ियों और करीब 1.50 करोड़ रुपये की हाईलेक्स की पांच गाड़ियों की एडवांस बुकिंग हुई है। इसके अलावा लगभग 55 लाख रुपये कीमत वाली कैमरी की पांच यूनिट भी बुक की गई हैं।
बेबको टोयोटा की सेल्स वाइस प्रेसिडेंट दिशिका भालोटिया के अनुसार, 45 से 65 लाख रुपये की फॉर्च्यूनर की 103, हाइब्रिड इनोवा हाईक्रॉस की 92 और इनोवा क्रिस्टा की 75 बुकिंग दर्ज की गई हैं। धनतेरस को लेकर अब तक 250 से अधिक लग्जरी और प्रीमियम वाहनों की बुकिंग हो चुकी है। ग्राहकों को 30 हजार रुपये तक का एक्सचेंज बोनस और चुनिंदा मॉडलों पर 50 हजार रुपये तक की छूट भी दी जा रही है।
टाटा मोटर्स ने रखा 500 से अधिक कारें बेचने का लक्ष्य
टाटा मोटर्स के आदित्यपुर शोरूम में भी ग्राहकों का भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। कंपनी ने इस धनतेरस पर 500 से अधिक कारें बेचने का लक्ष्य निर्धारित किया है। पंच, एरिस और सिएरा ईवी को लेकर ग्राहकों में खास क्रेज है। हालांकि, भारी मांग के कारण कई मॉडलों पर लंबी वेटिंग चल रही है।
पंच ईवी के लिए करीब 180 दिन यानी छह महीने की वेटिंग है। वहीं, नेक्सन और पंच पेट्रोल पर 45 से 60 दिन तथा एरिस पर करीब दो महीने का इंतजार करना पड़ रहा है। कंपनी की ओर से नेक्सन पेट्रोल पर 80 हजार से एक लाख रुपये तक और अल्काजार पर 70 हजार रुपये तक की छूट दी जा रही है।
महिंद्रा XUV AX7 के लिए आठ महीने का इंतजार
महिंद्रा के बालाजी ऑटो वर्क्स शोरूम में भी 105 से अधिक गाड़ियों की बुकिंग हो चुकी है। सेल्स मैनेजर अंजली मुर्मू के अनुसार, नई XUV AX7 ग्राहकों की सबसे पसंदीदा गाड़ी बनी हुई है। इस मॉडल पर करीब 240 दिन यानी आठ महीने की वेटिंग चल रही है।
इस एसयूवी की शुरुआती कीमत 13.98 लाख रुपये से शुरू होकर टॉप मॉडल में 25.99 लाख रुपये तक है। वहीं, ऑफ-रोडिंग के शौकीनों के लिए थार रॉक्स का नया मॉडल भी ग्राहकों को आकर्षित कर रहा है। इसकी कीमत करीब 27.50 लाख रुपये तक है।
हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक कारों की ओर बढ़ा रुझान
इस बार जमशेदपुर के कार बाजार में एक बड़ा बदलाव भी दिखाई दे रहा है। पारंपरिक पेट्रोल-डीजल वाहनों के साथ ग्राहक हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक वाहनों में भी दिलचस्पी दिखा रहे हैं। कैमरी, इनोवा हाईक्रॉस और पंच ईवी की बुकिंग इस बदलती पसंद का संकेत है। ग्राहकों के बीच बेहतर माइलेज, आधुनिक तकनीक और पर्यावरण के अनुकूल वाहनों को लेकर आकर्षण बढ़ रहा है।
पोर्ट पर गाड़ी पहुंचते ही डिलीवरी को तैयार ग्राहक
विदेशों से आयात होने वाली महंगी गाड़ियों की मांग इतनी अधिक है कि कई ग्राहक वाहन के पोर्ट पर पहुंचते ही उसकी डिलीवरी लेने के लिए तैयार बैठे हैं। लंबी वेटिंग के बावजूद ग्राहकों की एडवांस बुकिंग जारी है। कुल मिलाकर इस धनतेरस पर जमशेदपुर का कार बाजार केवल बिक्री के आंकड़ों से नहीं, बल्कि बदलती पसंद और लग्जरी लाइफस्टाइल के नए ट्रेंड से भी चर्चा में है।












