बाजारों में बढ़ती भीड़ और कीमती सामान के कारोबार को देखते हुए पुलिस अलर्ट, संवेदनशील इलाकों में गश्ती और निगरानी बढ़ाने का निर्देश।
जमशेदपुर : धनतेरस और दीपावली के मद्देनजर शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। गुरुवार को पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब खुद सड़क पर उतरे और बाइक से पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों के साथ शहर के विभिन्न इलाकों में गश्त की। इस दौरान उन्होंने प्रमुख बाजारों, ज्वेलरी दुकानों, बैंकों और एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
ज्वेलरी दुकानों और बैंकों पर विशेष नजर
धनतेरस के दौरान सोने-चांदी के आभूषणों की खरीदारी बढ़ने के साथ दुकानों में ग्राहकों की भीड़ और नकदी का कारोबार भी बढ़ जाता है। इसे देखते हुए एसएसपी ने प्रमुख ज्वेलरी प्रतिष्ठानों और बैंक परिसरों का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी की स्थिति की समीक्षा की।
बाजारों में भीड़, पुलिस को सतर्क रहने का निर्देश
त्योहारी खरीदारी के कारण बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए एसएसपी ने यातायात और विधि-व्यवस्था की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्ती करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पुलिस पदाधिकारी और जवान पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी करें। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि धनतेरस और दीपावली के दौरान शहर में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनी रहे और लोग सुरक्षित माहौल में त्योहार मना सकें।












