
बड़ाजामदा के ठेला दुकानदार इस समय चोरों को निशाने पर हैं। गुजरी रात बड़ाजामदा बस स्टैंड के पास सड़क किनारे ठेले पर दुकान लगाने वाले दुकानदारों को अज्ञात चोर ने निशाना बनाया। चोरों ने दुकानों का ताला तोड़कर अंदर रखे सामान की चोरी कर ली, जिससे स्थानीय दुकानदारों में भय और आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार, रात के समय जब दुकानें बंद थीं, तभी चोरों ने मौका पाकर वारदात को अंजाम दिया। सुबह जब दुकानदार अपनी दुकान खोलने पहुंचे, तो ताला टूटा हुआ देखकर घटना की जानकारी हुई। चोरी में दैनिक उपयोग के कई सामान गायब पाए गए हैं।
बताया जाता है कि दो दिन पहले भी एक मोबाइल दुकान से कई मोबाइल फोन चोरी कर लिए गए थे, जिसकी शिकायत बड़ाजामदा थाने में दर्ज कराई गई थी। इधर, बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर बड़ाजामदा थाना पुलिस भी सक्रिय है और लगातार छापेमारी अभियान चला रही है। इसके बावजूद अब तक किसी भी मामले में ठोस सफलता हाथ नहीं लगी है, जिससे लोगों में असंतोष देखा जा रहा है। इस संबंध में थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव ने बताया कि क्षेत्र में हो रही छोटी-मोटी चोरी की घटनाओं में अधिकतर छोटे-छोटे बच्चे शामिल हो सकते हैं, जो नशे की लत के कारण इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
पुलिस द्वारा मामले की गंभीरता से जांच के साथ आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
