
जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां एक तेज रफ्तार कार ने झारखंड हाई कोर्ट के अधिवक्ता को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना गुरुवार सुबह डिमना रोड स्थित माउंट व्यू स्कूल के पास की है, जहां सड़क किनारे खड़े अधिवक्ता शशि भूषण को एक अनियंत्रित कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार उन्हें करीब 50 फीट तक घसीटते हुए ले गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान डिमना रोड, ओल्ड सुभाष कॉलोनी निवासी 38 वर्षीय शशि भूषण के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वे गुरुवार सुबह ही दिल्ली से जमशेदपुर लौटे थे और घर पहुंचने के कुछ ही देर बाद किसी काम से बाहर निकले थे, तभी यह हादसा हो गया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भाग रहे कार चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी, लेकिन मौके पर मची अफरा-तफरी का फायदा उठाकर चालक फरार हो गया।
सूचना मिलते ही उलीडीह पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अधिवक्ता को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

