
जमशेदपुर में निजी स्कूलों द्वारा अभिभावकों से मनमाने तरीके से फीस वसूले जाने का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इसी मुद्दे को लेकर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) ने जिला उपायुक्त कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। धरना के दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में अभिभावक भी मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि शहर के कई निजी स्कूल नियमों की अनदेखी करते हुए अभिभावकों से अतिरिक्त शुल्क वसूल रहे हैं, जिससे आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि निजी स्कूलों द्वारा अभिभावकों का आर्थिक शोषण किया जा रहा है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप किया जाए और सभी निजी स्कूलों की फीस संरचना की जांच कर मनमानी वसूली पर रोक लगाई जाए। धरना-प्रदर्शन के माध्यम से संगठन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

