जमशेदपुर: आजादनगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित अपना मैरेज हॉल के पास शनिवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बारात के दौरान हो रही आतिशबाजी के बीच सड़क किनारे खड़ी एक स्कॉर्पियो में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि बाराती धूमधाम से आतिशबाजी कर रहे थे, तभी एक चिंगारी गाड़ी पर जा गिरी, जिससे वाहन में आग भड़क उठी। देखते ही देखते स्कॉर्पियो धू-धू कर जलने लगी और मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और बारातियों ने तत्परता दिखाते हुए बाल्टी से पानी डालकर और अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आतिशबाजी के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही थी, जिसके कारण यह घटना हुई।


