

जमशेदपुर शहर में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के कैलाश नगर से सामने आया है, जहां चोरों ने बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। बताया जा रहा है कि यह घर आईआरबी जवान नितेश कुमार झा का है, जो अपने परिवार के साथ बाहर गए हुए थे। घर की निगरानी की जिम्मेदारी पड़ोसी को सौंपी गई थी। रविवार सुबह जब पड़ोसी घर देखने पहुंचे, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला, जिसके बाद घटना की जानकारी परिजनों को दी गई।मौके पर पहुंचने के बाद घर के अंदर का नजारा अस्त-व्यस्त था। चोरों ने अलमारी और लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। परिजनों के मुताबिक, चोरी में करीब 50 लाख रुपये के सामान की क्षति हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। हालांकि खबर लिखे जाने तक इस मामले में औपचारिक प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी थी।


