
जमशेदपुर: डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल में शनिवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध-प्रदर्शन किया। भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष गुंजन यादव के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने अस्पताल के मुख्य गेट पर धरना देते हुए अस्पताल में तैनात होमगार्ड जवानों पर भाजपा कार्यकर्ता मनीष शर्मा और उनके जीजा के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों ने दोषी जवानों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए काफी देर तक हंगामा किया।
भाजपा नेताओं का आरोप है कि भुइयांडीह लकड़ीटाल निवासी मनीष शर्मा अपनी गर्भवती बहन के इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल आए थे। इलाज में लापरवाही की शिकायत करने पर अस्पताल में मौजूद होमगार्ड जवानों ने मनीष शर्मा और उनके जीजा के साथ लाठी-डंडे से मारपीट की। आरोप है कि दोनों को एक कमरे में बंद कर पीटा गया, जिससे उन्हें चोटें आईं। गुंजन यादव ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत मिलने पर जब वह अस्पताल पहुंचे तो उनके साथ भी जवानों ने अभद्र व्यवहार किया।
घटना की सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल और पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से एक लाठी जब्त की और पूरे मामले की जांच के साथ दोषी पाए जाने पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त कर दिया।
घायल मनीष शर्मा ने बताया कि उनकी बहन का कुछ दिन पहले एमजीएम अस्पताल में प्रसव हुआ था। उनका आरोप है कि सामान्य प्रसव की संभावना होने के बावजूद ऑपरेशन किया गया। बाद में ऑपरेशन के टांकों में सूजन आने पर बहन को दोबारा भर्ती कराना पड़ा, लेकिन डॉक्टरों ने उनकी शिकायतों पर गंभीरता नहीं दिखाई। शनिवार को वह अपने जीजा के साथ वेटिंग हॉल में बैठे थे, तभी होमगार्ड जवानों ने वहां से हटने को कहा। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। भाजपा ने मामले में एफआईआर दर्ज करने और अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की मांग की है।
