
नई दिल्ली : दिग्गज AI कंपनी एंथ्रोपिक के 27 वर्षीय शोधकर्ता जैकब कॉक्ससन ने बुधवार को इस्तीफा दे दिया। इस्तीफे के साथ उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की तेजी से बढ़ती क्षमता और उससे जुड़े संभावित खतरों को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। कॉक्ससन के मुताबिक एंथ्रोपिक और OpenAI जैसी कंपनियां इंसानों से अधिक सक्षम और खुद में सुधार करने वाली AI यानी ‘सुपरइंटेलिजेंस’ विकसित करने की दौड़ में बेहद तेजी से आगे बढ़ रही हैं।
उनका आरोप है कि इस दौड़ में AI की सुरक्षा को वह महत्व नहीं दिया जा रहा, जिसकी जरूरत है। उन्होंने इसे ऐसी स्थिति बताया, जिसमें कंपनियां मानो ‘हमारी जिंदगियों से जुआ खेल रही हैं।’
इंसानों से ज्यादा सक्षम AI को लेकर चेतावनी
कॉक्ससन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में चेतावनी दी कि तकनीक जिस तेजी से आगे बढ़ रही है, उससे ऐसे AI सिस्टम विकसित हो सकते हैं जो इंसानों से अधिक सक्षम हों और खुद को लगातार बेहतर बनाने की क्षमता रखते हों।
उनके अनुसार ऐसा सिस्टम किसी भी क्षेत्र में तेजी से बढ़त हासिल कर सकता है, लगातार बदलाव ला सकता है और वास्तविक शक्ति एवं संसाधनों तक पहुंच बनाने की कोशिश कर सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि इंसान की किसी दूसरी गतिविधि से इस स्तर का खतरा पैदा नहीं होता।
AI की दौड़ से पीछे हटना भी खतरनाक?
कॉक्ससन का कहना है कि एंथ्रोपिक AI से जुड़े जोखिमों को अच्छी तरह समझती है, लेकिन इसके बावजूद वह इस दौड़ में शामिल है। उन्हें डर है कि यदि उनकी कंपनी इस प्रतिस्पर्धा से पीछे हटती है तो कोई दूसरी कंपनी आगे निकल सकती है।
यही वजह है कि AI सुरक्षा को लेकर उनका सवाल और भी गंभीर हो जाता है—क्या तकनीकी कंपनियों के बीच आगे निकलने की होड़ इंसानों की सुरक्षा से बड़ी हो रही है?
OpenAI पर भी उठाए सवाल
कॉक्ससन ने OpenAI का भी जिक्र करते हुए कहा कि वहां कई लोग AI से मानव सभ्यता के लिए पैदा होने वाले गंभीर जोखिमों को उतनी गहराई से नहीं समझते, जितनी जरूरत है।
उनकी चेतावनी ऐसे समय सामने आई है जब दुनिया भर में AI मॉडल लगातार अधिक शक्तिशाली होते जा रहे हैं। AI के विकास से जहां चिकित्सा, शिक्षा, विज्ञान और कारोबार में बड़े बदलाव की उम्मीद है, वहीं इसकी बढ़ती स्वायत्तता को लेकर सुरक्षा विशेषज्ञों के बीच बहस भी तेज है।
कॉक्ससन का इस्तीफा इसी बहस को फिर सामने ले आया है-AI इंसान की मदद करने वाली सबसे बड़ी तकनीक बनेगा या एक दिन इंसानों के लिए ही सबसे बड़ा जोखिम?











