
- बसंत टॉकीज के पास देर रात कार सवार युवकों ने मचाया उत्पात, कई वाहनों को मारी टक्कर
- पुलिसकर्मियों से भी की धक्का-मुक्की, करीब 20 मिनट तक सड़क पर मची रही अफरा-तफरी
जमशेदपुर : साकची बाजार में सोमवार की देर रात कार सवार पांच युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि नशे में धुत युवकों ने राहगीरों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इस दौरान एक युवक चापड़ लहराकर लोगों को दौड़ाने लगा। इससे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना साकची के बसंत टॉकीज के पास भाजपा कार्यालय के सामने की है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से पांचों युवकों को पकड़ लिया। आरोप है कि पकड़ने के दौरान युवकों ने पुलिसकर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की की।
सड़क पर 20 मिनट तक मची रही अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार सवार युवक अचानक राहगीरों से उलझने लगे। पहले गाली-गलौज की और फिर मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच एक युवक चापड़ लेकर लोगों को दौड़ाने लगा। इससे आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए। सड़क पर करीब 20 मिनट तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
घटनास्थल से कुछ दूरी पर पीसीआर वैन खड़ी थी। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही कार सवार युवकों ने भागने की कोशिश की। इस दौरान उनकी कार ने सड़क पर कई वाहनों को टक्कर मार दी। इससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
घेराबंदी कर पांचों युवकों को पकड़ा
युवकों के भागने की कोशिश के दौरान स्थानीय लोग भी सक्रिय हो गए। पुलिस ने लोगों की मदद से कार की घेराबंदी कर दी। अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। इसके बाद पांचों युवकों को पकड़कर थाने ले जाया गया।
आरोप है कि पकड़ने के दौरान युवकों ने पुलिसकर्मियों से भी उलझने और धक्का-मुक्की करने की कोशिश की। पुलिस ने सभी से पूछताछ की। बाद में संबंधित कार पर जुर्माना भी लगाया गया। कार की तलाशी के दौरान शराब, बेसबॉल बैट और अन्य सामान मिलने की जानकारी सामने आई है।
बाजार में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद साकची बाजार में राहगीरों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी के बावजूद युवकों ने सरेआम हंगामा किया। राहगीरों को दौड़ाने और वाहनों को टक्कर मारने जैसी घटनाएं चिंताजनक हैं।
स्थानीय लोगों ने देर रात बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और उपद्रव करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
बर्मामाइंस में देसी कट्टा और पांच गोलियों के साथ युवक गिरफ्तार
इधर, बर्मामाइंस रेलवे कंटेनर यार्ड के पास पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर मो. इरफान नामक युवक को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा, .315 बोर की पांच गोलियां और मोबाइल फोन बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में मो. इरफान ने बताया कि बरामद हथियार मो. शाहिद का है और वह उसके कहने पर हथियार लेकर जा रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से लाया गया था और उसे किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। मामले में बर्मामाइंस थाने में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।












