AI, साइबर सिक्योरिटी और डेटा एनालिटिक्स जैसी आधुनिक तकनीकों पर दिया जाएगा प्रशिक्षण


जमशेदपुर के टाटानगर में रेलवे कर्मचारियों के लिए एक बड़ी पहल की गई है। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल अंतर्गत बहुविषयक मंडल प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन जीएम अनिल मिश्रा ने किया। इस मौके पर मंडल रेल प्रबंधक (DRM) समेत कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे।
बागबेड़ा स्थित पुराने रेलवे स्कूल भवन को आधुनिक प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। इस संस्थान में अब रेलवे के विभिन्न विभागों—इंजीनियरिंग, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, सिग्नल और टेलीकम्युनिकेशन—के कर्मचारियों को एक ही स्थान पर समग्र प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस ट्रेनिंग सेंटर की खासियत है कि यहां आधुनिक तकनीकों पर विशेष जोर दिया गया है। जमशेदपुर के प्रतिष्ठित संस्थान XLRI के साथ हुए समझौते के तहत कर्मचारियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा और डेटा एनालिटिक्स जैसे विषयों में उन्नत प्रशिक्षण दिया जाएगा।
नए संस्थान में कंप्यूटर बेस्ड ट्रेनिंग, अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब, मॉडल बोगी, ट्रैक सिस्टम, शंटिंग प्वाइंट और क्रॉसिंग से जुड़े प्रैक्टिकल प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध है। खास तौर पर नए कर्मचारियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने पर फोकस किया जा रहा है।
उद्घाटन के दौरान जीएम अनिल मिश्रा ने कहा कि रेलवे तेजी से आधुनिक तकनीकों को अपना रहा है, ऐसे में कर्मचारियों को भी उसी के अनुरूप प्रशिक्षित करना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि रेल मंत्रालय की योजना के तहत देशभर के सभी रेल मंडलों में ऐसे प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
इसके अलावा उन्होंने टाटानगर रेलवे स्टेशन के रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट की जानकारी देते हुए कहा कि कार्य तेजी से चल रहा है और अगले ढाई वर्षों में नई इमारत तैयार हो जाएगी। वहीं खड़गपुर-हावड़ा और चांडिल-गम्हरिया के बीच चौथी रेल लाइन को भी स्वीकृति मिल चुकी है, जिससे रेल यातायात और अधिक सुगम होगा।
