
- 21 अक्टूबर से पीआइसीयू में भर्ती था सरायकेला के गोपालपुर का रहने वाला बच्चा, डॉक्टरों की तमाम कोशिशें नाकाम
- तेज बुखार, सिरदर्द और उल्टी के बाद अस्पताल लाया गया था राहुल, ब्रेन मलेरिया की पुष्टि के बाद बिगड़ती गई हालत
जमशेदपुर : एमजीएम अस्पताल में ब्रेन मलेरिया से पीड़ित छह वर्षीय बच्चे राहुल जामूदा की इलाज के दौरान मौत हो गई। सरायकेला जिले के गोपालपुर निवासी राहुल पिछले सात दिनों से जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा था। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट (पीआइसीयू) में भर्ती कर वेंटिलेटर पर रखा गया था। मंगलवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मासूम की मौत से परिजनों में मातम पसरा है।
सात दिनों तक वेंटिलेटर पर चला इलाज
एमजीएम अस्पताल के शिशु रोग विभाग के एचओडी डॉ. केके चौधरी ने बताया कि राहुल ब्रेन मलेरिया से पीड़ित था। उसकी हालत बेहद गंभीर होने के कारण 21 अक्टूबर से ही उसे वेंटिलेटर पर रखा गया था। चिकित्सकों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही थी। बच्चे को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
तेज बुखार और उल्टी के बाद अस्पताल पहुंचे परिजन
परिजनों के अनुसार, राहुल को तेज बुखार, सिरदर्द और उल्टी समेत कई परेशानियां थीं। उसकी तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने आवश्यक जांच कराई, जिसमें ब्रेन मलेरिया की पुष्टि हुई। बीमारी की गंभीरता को देखते हुए उसे तत्काल पीआइसीयू में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। हालत नाजुक होने के कारण उसे वेंटिलेटर पर रखना पड़ा।
डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद नहीं बची जान
शिशु रोग विभाग के वरिष्ठ चिकित्सकों की टीम लगातार बच्चे के उपचार में जुटी रही। सात दिनों तक वेंटिलेटर पर रखकर उसका इलाज किया गया, लेकिन उसकी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। आखिरकार मंगलवार को राहुल ने दम तोड़ दिया। मासूम की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।












