
जमशेदपुर : बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के रेलवे कंटेनर यार्ड में पुलिस ने बड़ी आपराधिक वारदात की साजिश को नाकाम करने का दावा किया है। सोमवार की रात छापेमारी कर पुलिस ने मो इरफान को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक देसी कट्टा, पांच कारतूस और मोबाइल बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक ने पूछताछ में बताया कि जेल से छूटे शातिर अपराधी मो शाहरुख के भाई मो शाहिद ने उसे हथियार और गोली लेकर कंटेनर यार्ड बुलाया था। पुलिस अब फरार मो शाहिद की तलाश में जुटी है।
कंटेनर यार्ड में किस वारदात की थी तैयारी?
मंगलवार को मामले का खुलासा करते हुए सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि गिरफ्तार मो इरफान बर्मामाइंस कैरेज कॉलोनी की मुस्लिम बस्ती का रहने वाला है। उसके खिलाफ बर्मामाइंस में जानलेवा हमला करने का मामला भी दर्ज है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे। हालांकि, प्रस्तावित वारदात के संबंध में जांच जारी है।
अफजल हत्याकांड से जुड़ रहा मामला
रेलवे कैरेज कॉलोनी में कंटेनर यार्ड के पास चार अगस्त को अपराधियों ने मो अफजल को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इलाज के दौरान कोलकाता में उसकी मौत हो गई थी। इस हत्याकांड का मुख्य आरोपित मो शाहरुख बताया गया था, जो फिलहाल जेल में बंद है। अब उसके भाई मो शाहिद का नाम सामने आने के बाद पुलिस मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
टाटानगर स्टेशन पर गांजा के साथ युवक गिरफ्तार
इधर, टाटानगर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने गांजा के साथ कांड्रा निवासी ऋषिकेष मुखिया को गिरफ्तार किया। वह एर्नाकुलम एक्सप्रेस से उतरकर कांड्रा जाने वाला था। इससे पहले ही उसे पकड़ लिया गया। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ पहले से कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।












