
राजधानी नई दिल्ली से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर चूक देखने को मिली है। एक अज्ञात कार गेट तोड़ते हुए सीधे विधानसभा परिसर के अंदर घुस गई, जिससे सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजकर 5 मिनट पर उत्तर प्रदेश नंबर की सफेद टाटा सिएरा मॉल रोड स्थित बंद गेट को तोड़ते हुए वीआईपी एंट्री के रास्ते परिसर में दाखिल हो गई। हैरानी की बात यह रही कि कार बिना किसी रोक-टोक के स्पीकर रूम के बाहर तक पहुंच गई।
बताया जा रहा है कि कार में सवार अज्ञात व्यक्ति स्पीकर रूम के बाहर एक गुलदस्ता रखकर मौके से फरार हो गया। इस घटना के बाद पूरे विधानसभा परिसर में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
फिलहाल दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और वाहन चालक की पहचान कर उसे पकड़ने की कोशिश जारी है।
