
रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शनिवार को अपनी पत्नी कल्पना सोर के साथ तमाड़ स्थित प्रसिद्ध मां दिउड़ी मंदिर पहुंचे।यहां उन्होंने माँ दिउड़ी के दरबार में पूजा-अर्चना कर राज्य के लोगों की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार मंदिर में मत्था टेका और माता रानी का आशीर्वाद लिया। पूजा-अर्चना वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मंदिर के पुरोहित मनोज पंडा और मुख्य पाहन सुखराम जी ने संपन्न कराई।
मुख्यमंत्री के मंदिर पहुंचने की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर पहुंच गए। लोगों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और उनसे मुलाकात की। अपने बीच मुख्यमंत्री को देखकर ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत राज्य की पहचान है। उन्होंने कहा कि माँ दिउड़ी मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है और यहां आने से सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है। उन्होंने कहा कि राज्य की समृद्ध परंपराओं और धार्मिक स्थलों को संरक्षित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री के मंदिर दर्शन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा और श्रद्धालुओं ने भी माता रानी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
